गौतमबुद्धनगर में दो दिन के विशेष अभियान में 14 हजार से अधिक फॉर्म-6 प्राप्त, नोएडा-दादरी-जेवर में चला मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान
भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जनपद में दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान विशेष अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 28 और 29 नवंबर को दूसरे विशेष अभियान के तहत निर्धारित मतदेय स्थलों पर हेल्प डेस्क स्थापित कर नागरिकों को मतदाता पंजीकरण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्धारित मतदेय स्थलों पर बीएलओ और पदाभिहित अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहे।
28 नवंबर को 6,573 फॉर्म-6 प्राप्त हुए
28 नवंबर को तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए कुल 6,573 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। विधानसभा क्षेत्र 61-नोएडा में 2,228, 62-दादरी में 3,545 और 63-जेवर में 800 फॉर्म-6 प्राप्त किए गए। दादरी विधानसभा क्षेत्र में एक फॉर्म-6ए भी प्राप्त हुआ।
वहीं, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के तहत नोएडा में 251, दादरी में 185 और जेवर में 134 आवेदन प्राप्त हुए। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 570 फॉर्म-7 जमा किए गए।
मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन और निवास स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 के तहत नोएडा में 930, दादरी में 875 और जेवर में 116 आवेदन प्राप्त हुए। इस तरह 28 नवंबर को कुल 1,921 फॉर्म-8 जमा किए गए।
29 नवंबर को 7,430 फॉर्म-6 जमा
29 नवंबर को विशेष अभियान के दौरान तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए कुल 7,430 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। इनमें नोएडा विधानसभा क्षेत्र से 2,986, दादरी से 3,596 और जेवर से 848 आवेदन शामिल हैं।
इस दिन मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के तहत नोएडा में 212, दादरी में 143 और जेवर में 136 आवेदन प्राप्त हुए। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 491 फॉर्म-7 जमा किए गए।
वहीं, मतदाता सूची में विवरण संशोधन और स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 के तहत नोएडा में 869, दादरी में 784 और जेवर में 126 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार 29 नवंबर को कुल 1,779 फॉर्म-8 प्राप्त किए गए।
विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और पुनरीक्षण कार्यक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण का अवसर मिल सके।