गौतमबुद्धनगर में 517 किसानों ने लिया मिलेट्स किसान महोत्सव में हिस्सा, ज्वार-बाजरा-रागी की वैज्ञानिक खेती और विपणन की दी गई जानकारी

0 23

गौतमबुद्धनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषि विभाग की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र, छौलस में जनपद स्तरीय मिलेट्स किसान महोत्सव का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (न्यूट्रीसीरियल्स) के तहत आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम में किसानों को श्री अन्न यानी मिलेट्स की वैज्ञानिक खेती, प्रसंस्करण और विपणन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में करीब 517 किसानों, ग्रामीण महिलाओं, कृषि विभाग के अधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक विवेक दुबे और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. विपिन कुमार, डॉ. मोहन सिंह, डॉ. विनीता सिंह, डॉ. बोनिका पंत, कुंवर घनश्याम, आशु अरोड़ा और राजीव कुमार सिरोही समेत केंद्र का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

गौ-माता पूजन और स्वच्छता अभियान चलाया गया

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने भारतीय संस्कृति के अनुरूप गौ-माता का विधि-विधान से पूजन किया और उन्हें गुड़ खिलाया। इसके बाद ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

विधायक और अन्य अतिथियों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान किसानों और केंद्र के कर्मचारियों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया गया।

मिलेट्स उत्पादों और आधुनिक कृषि तकनीकों की लगाई गई प्रदर्शनी

किसान मेले में आधुनिक कृषि यंत्रों, जैविक उत्पादों और मिलेट्स यानी श्री अन्न से तैयार उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। विधायक और मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।

ज्वार, बाजरा और रागी की खेती की दी गई तकनीकी जानकारी

किसान गोष्ठी के दौरान उप कृषि निदेशक विवेक दुबे ने अतिथियों और किसानों का स्वागत किया। उन्होंने कृषि विभाग की उपलब्धियों और संचालित योजनाओं की जानकारी दी।

कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ वैज्ञानिकों ने किसानों को ज्वार, बाजरा, रागी समेत पोषक अनाजों की वैज्ञानिक खेती, उन्नत उत्पादन तकनीक, प्रसंस्करण और विपणन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। किसानों को श्री अन्न की खेती के जरिए आय बढ़ाने और पोषण सुरक्षा को मजबूत करने के बारे में भी जागरूक किया गया।

1100 दीपकों से जगमगाया कृषि विज्ञान केंद्र परिसर

सेवा संकल्प अभियान के तहत शाम को कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में 1100 दीपकों का सामूहिक प्रज्वलन किया गया। दीपकों के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान का संदेश प्रदर्शित किया गया। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। यह आयोजन ‘विकसित भारत’ के संकल्प को समर्पित रहा।

कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक विवेक दुबे ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, वैज्ञानिकों, अधिकारियों और उपस्थित किसानों का आभार व्यक्त किया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.