छठ पूजा से पहले नोएडा स्टेडियम पहुंचे डीएम, कृत्रिम घाट का लिया जायजा… सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक परखी तैयारी
घाट पर साफ-सफाई से लेकर सीसीटीवी तक की जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट परिसर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था देखी। उन्होंने पब्लिक एड्रेस सिस्टम के साथ श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली। अधिकारियों और आयोजन से जुड़े लोगों से पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर तथा आपातकालीन सहायता के इंतजामों के बारे में भी पूछा।
श्रद्धालुओं से लिया तैयारियों का फीडबैक
जिलाधिकारी ने घाट पर मौजूद व्यवस्थापकों और श्रद्धालुओं से बातचीत कर तैयारियों और सुविधाओं को लेकर उनका फीडबैक लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं लगातार सुचारु रखी जाएं।
जिला प्रशासन की ओर से स्थायी और अस्थायी सभी घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा से जुड़े इंतजामों की निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता और विभागों के बीच समन्वय के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। निरीक्षण के दौरान नोएडा स्टेडियम स्थित घाट पर व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह, उप जिलाधिकारी अरुण कुमार और प्रवासी महासंघ के महासचिव/अध्यक्ष सहित संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे।