जिलाधिकारी ने सेंट जोसेफ स्कूल में एस.जे.एस. टेलंसिया-2026 का किया शुभारंभ, 15 विद्यालयों के 250 से ज्यादा छात्रों ने दिखाया हुनर

0 31

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय में शनिवार को एस.जे.एस. टेलंसिया-2026 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद, हाथरस, अलीगढ़ और आगरा समेत विभिन्न क्षेत्रों के 15 विद्यालयों के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य तय करने का जिलाधिकारी ने दिया संदेश

जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में बड़े सपने देखें, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत एवं योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए आत्मविश्वास, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और लगातार प्रयास बेहद जरूरी हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से निराश नहीं होने और उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और प्रबंधन कौशल को विकसित करती हैं।

मैकबेथ आधारित वाद-विवाद की जिलाधिकारी ने की सराहना

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की ओर से की गई तैयारियों की प्रशंसा करते हुए मैकबेथ पर आधारित वाद-विवाद प्रतियोगिता को मौलिक सोच और रचनात्मकता का बेहतरीन उदाहरण बताया। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य और आयोजन टीम के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों और असफलताओं के समय विद्यार्थियों को धैर्य बनाए रखना चाहिए। परिवार, शिक्षकों और मित्रों से संवाद कर सहयोग लेना चाहिए तथा दृढ़ता और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।

समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील

जिलाधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, मेहनत और संकल्प के साथ विद्यार्थी जीवन में सफलता हासिल कर देश और समाज के विकास में योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आठ प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

एस.जे.एस. टेलंसिया-2026 के तहत आठ अलग-अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें स्वरांजलि समूह गान, कैरेक्टर हियरिंग-दृष्टिकोण प्रस्तुति एवं अदालती सुनवाई, फ्रेम द फेम फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, स्ट्रोक्स रूलेट कला प्रतियोगिता, सिनर्जी स्पाइस तालमेल एवं जासूसी आधारित प्रतियोगिता, क्वांटम क्वेस्ट विज्ञान प्रतियोगिता, ट्रिगर टैक्टिक्स मोबाइल फोन प्रयोग आधारित प्रतियोगिता और पावर प्ले आक्शन सर्वश्रेष्ठ समूह चयन प्रतियोगिता शामिल रहीं।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यालयों का हुआ चयन

स्वरांजलि समूह गान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्सलाइन कान्वेंट विद्यालय ग्रेटर नोएडा, द्वितीय स्थान बाथनी कान्वेंट विद्यालय ग्रेटर नोएडा और तृतीय स्थान एंटनी विद्यालय गाजियाबाद ने प्राप्त किया।

कैरेक्टर हियरिंग प्रतियोगिता में सेंट फ्रांसिस स्कूल हाथरस को बेस्ट प्रॉसीक्यूटर, सेंट फिदेलीस विद्यालय अलीगढ़ को बेस्ट डिफेंडर और सेंट फेडलिस विद्यालय अलीगढ़ को बेस्ट कैरेक्टर चुना गया।

फ्रेम द फेम फोटोग्राफी प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा प्रथम, सेंट फिदेलीस स्कूल अलीगढ़ द्वितीय और बेथनी कॉन्वेंट विद्यालय ग्रेटर नोएडा तृतीय स्थान पर रहा। वीडियोग्राफी में सेंट फिदेलीस विद्यालय अलीगढ़ प्रथम, दिल्ली पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा द्वितीय और सेंट डोमेनिक विद्यालय मथुरा तृतीय स्थान पर रहा।

स्ट्रोक्स रूलेट कला प्रतियोगिता में सेंट फिदेलीस विद्यालय अलीगढ़ प्रथम और द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि एस्टर विद्यालय ग्रेटर नोएडा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

सिनर्जी स्पाइस प्रतियोगिता में सेंट डोमेनिक विद्यालय मथुरा प्रथम, एसिसि कॉन्वेंट विद्यालय नोएडा द्वितीय और सेंट एंथनी विद्यालय गाजियाबाद तृतीय स्थान पर रहा।

क्वांटम क्वेस्ट विज्ञान प्रतियोगिता में जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट विद्यालय ग्रेटर नोएडा प्रथम, समरविल विद्यालय ग्रेटर नोएडा द्वितीय और होली पब्लिक विद्यालय ग्रेटर नोएडा तृतीय स्थान पर रहा।

ट्रिगर टैक्टिक्स मोबाइल फोन प्रयोग प्रतियोगिता में भी जीसस एंड मैरी कॉन्वेंट विद्यालय ग्रेटर नोएडा ने प्रथम स्थान हासिल किया। समरविल विद्यालय ग्रेटर नोएडा द्वितीय और होली पब्लिक विद्यालय ग्रेटर नोएडा तृतीय स्थान पर रहा।

पावर प्ले आक्शन सर्वश्रेष्ठ समूह चयन प्रतियोगिता में समरविल विद्यालय ग्रेटर नोएडा प्रथम, डोमेनिक विद्यालय मथुरा द्वितीय और फादर अग्नेल विद्यालय ग्रेटर नोएडा तृतीय स्थान पर रहा।

विद्यालय प्रबंधन और शिक्षक रहे मौजूद

कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक फादर एंड्रयू कोरिया, फादर सबस्टिन, सौरभ कुमार शर्मा, शशि शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.