नवरात्रि से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, सिटी मॉल से घी समेत 6 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए; 240 लीटर घी और 18 किलो मिर्च पाउडर सीज
घी, मिर्च पाउडर समेत 6 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के अनुसार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने ऑनलाइन मंच संचालित करने वाली कम्यूनिटी (Cmunity) प्राइवेट लिमिटेड के सिटी मॉल पर छापा मारा। इस दौरान अवतार ब्रांड घी का एक नमूना, अवतार ब्रांड गाय के घी का एक नमूना, मिर्च पाउडर, मखाना, सरसों का तेल और कुट्टू के आटे का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया।
240 लीटर घी और 18 किलो मिर्च पाउडर सीज
कार्रवाई के दौरान करीब 240 लीटर घी को पैकिंग पर भ्रामक जानकारी अंकित होने के कारण सीज किया गया। घी पर विटामिन और मिनरल्स होने का उल्लेख किया गया था। इसके अलावा, करीब 18 किलोग्राम मिर्च पाउडर को पैकिंग तिथि और बैच नंबर जैसी जानकारियां अंकित नहीं होने तथा मिथ्याछाप पाए जाने के कारण सीज किया गया। विभाग की ओर से सभी छह नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य विक्रेताओं को नियमों का पालन करने की हिदायत
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य सामग्री विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लाइसेंस प्राप्त या पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही सामान खरीदें। खरीद के दौरान बिल लेना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। साथ ही, खाद्य सामग्री प्राप्त करने और उपभोक्ताओं को बेचने से पहले निर्माण तिथि, बैच नंबर सहित पैकेजिंग पर दर्ज जरूरी जानकारियों की जांच करें।
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में आगे भी इसी तरह जांच अभियान चलाया जाएगा और खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य जिले के लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।