पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की तारीख तय, 13 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

0 32

गौतमबुद्धनगर: शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत आवेदन, सत्यापन और अग्रसारण की समय-सारणी जारी कर दी गई है। दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र छात्र-छात्राएं 13 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह अंतिम तिथि नए और नवीनीकरण, दोनों तरह के आवेदनों के लिए निर्धारित की गई है।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि योजना के तहत शिक्षण संस्थानों को मास्टर डाटा तैयार करने के लिए 5 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है। इसके बाद छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा करना होगा।

नए और नवीनीकरण आवेदनों के सत्यापन की अलग-अलग तारीख

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के अनुसार, शिक्षण संस्थानों और विद्यालयों को छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन की जांच कर उन्हें अग्रसारित करना होगा। नवीनीकरण यानी रिन्यूअल आवेदन के सत्यापन और अग्रसारण की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 तय की गई है। वहीं, नए यानी फ्रेश आवेदन के लिए यह प्रक्रिया 17 नवंबर 2026 तक पूरी करनी होगी।

समय से प्रक्रिया पूरी करने की अपील

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों और पात्र छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय-सारणी का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आवेदन से लेकर सत्यापन और अग्रसारण तक की सभी जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.