रूस से मेडिकल डिवाइस और औद्योगिक तकनीक पर बातचीत, वियतनाम ने कारोबार के साथ संस्कृति-पर्यटन का दिखाया संगम; UPITS में बढ़ा ग्लोबल कनेक्शन
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में चल रहे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के पहले दिन अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा देने वाले कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। रूस और भारत के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को बढ़ाने के लिए विशेष रूस-भारत बिजनेस डायलॉग हुआ। वहीं वियतनाम ने अपने पवेलियन और विशेष कार्यक्रमों के जरिए व्यापार, तकनीक, पर्यटन, खानपान और संस्कृति को एक मंच पर प्रस्तुत किया। दोनों देशों की भागीदारी से यूपीआईटीएस का अंतरराष्ट्रीय स्वरूप और मजबूत हुआ।
रूस-भारत संवाद में व्यापार और निवेश के नए अवसरों पर मंथन
यूपीआईटीएस-2026 में ‘रूस-भारत : व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग के नए अवसर’ विषय पर विशेष संवाद आयोजित किया गया। इसमें दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने, निवेश के नए अवसर तलाशने और औद्योगिक एवं तकनीकी सहयोग को विस्तार देने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
रूस की ओर से भारत स्थित रूसी व्यापार प्रतिनिधित्व के ट्रेड कमिश्नर आंद्रेई सोबोलेव और डिप्टी ट्रेड कमिश्नर डॉ. येवगेनी ग्रिवा समेत वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। संवाद के दौरान दोनों देशों के उद्योगों के बीच प्रत्यक्ष संपर्क बढ़ाने और कारोबारी सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान पर विशेष जोर दिया गया।
रूसी प्रतिनिधिमंडल ने यूपीआईटीएस को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और कारोबारी माहौल को समझने तथा प्रदेश के उद्यमियों के साथ संभावित व्यापारिक साझेदारी तलाशने के अवसर के रूप में देखा। इस दौरान औद्योगिक तकनीक, गैस और संबंधित क्षेत्र, प्रयोगशाला एवं निदान समाधान, मेडिकल ऑक्सीजन सिस्टम तथा व्यावसायिक सेवाओं में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

चिकित्सा और औद्योगिक तकनीक में सहयोग की संभावनाएं
रूस के पवेलियन में विभिन्न औद्योगिक और तकनीकी क्षमताओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इनमें औद्योगिक तकनीक एवं गैस, प्रयोगशाला और डायग्नोस्टिक समाधान, मेडिकल ऑक्सीजन सिस्टम तथा बिजनेस सर्विसेज से जुड़े उत्पाद और समाधान शामिल रहे।
यूपीआईटीएस में इन क्षेत्रों की मौजूदगी से उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य, विनिर्माण और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय कारोबारी संपर्क का अवसर मिला। रूस-भारत संवाद में तकनीक, उत्पादों और सेवाओं के आदान-प्रदान के साथ भविष्य में संयुक्त कारोबारी अवसरों की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
वियतनाम ने कारोबार के साथ संस्कृति और पर्यटन को भी जोड़ा
यूपीआईटीएस-2026 में वियतनाम की भागीदारी भी पहले दिन खास आकर्षण का केंद्र रही। वियतनाम ने अपने पवेलियन को केवल उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे व्यापार, निवेश, पर्यटन, संस्कृति और खानपान के समग्र अनुभव के रूप में प्रस्तुत किया।
वियतनाम के पवेलियन में विमानन, पर्यटन, स्वास्थ्य, कृषि, हस्तशिल्प, सांस्कृतिक उत्पाद, फार्मास्यूटिकल्स, वस्त्र एवं परिधान, इलेक्ट्रिक वाहन और पुनर्चक्रित फाइबर जैसे क्षेत्रों को प्रदर्शित किया गया। इससे भारतीय और विदेशी खरीदारों को वियतनाम के कारोबारी और औद्योगिक क्षेत्रों की विविधता को करीब से समझने का अवसर मिला।

‘इनोवेशन टेक्नोलॉजीज एंड टूरिज्म’ पर विशेष कार्यक्रम
वियतनाम की ओर से ‘वियतनाम : इनोवेशन टेक्नोलॉजीज एंड टूरिज्म’ विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें तकनीकी नवाचार और पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं को व्यापारिक अवसरों से जोड़कर प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में भारत और वियतनाम के बीच पर्यटन, विमानन, स्वास्थ्य, कृषि, विनिर्माण और अन्य कारोबारी क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर संवाद हुआ। वियतनाम के राजदूत त्रिन्ह मिन्ह मान्ह के साथ विभिन्न वियतनामी कंपनियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इनमें वियतनाम एयरलाइंस, वियतजेट और विंग्रुप समेत अन्य प्रमुख कारोबारी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल रहे।
फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बढ़ाई रौनक
वियतनाम की भागीदारी में फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी महत्वपूर्ण रहे। वियतनामी व्यंजनों के जरिए देश की खाद्य संस्कृति को प्रदर्शित किया गया, जबकि सांस्कृतिक दल की प्रस्तुतियों ने दोनों देशों के बीच लोगों के स्तर पर संपर्क और सांस्कृतिक संवाद के लिए मंच उपलब्ध कराया।
इस पहल के जरिए व्यापारिक प्रदर्शनी को पर्यटन और संस्कृति से जोड़ा गया। यूपीआईटीएस में आने वाले आगंतुकों को वियतनाम के उत्पादों के साथ उसकी खानपान परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को जानने का अवसर मिला।
वैश्विक कारोबार का मंच बन रहा यूपीआईटीएस
रूस और वियतनाम की भागीदारी ने यूपीआईटीएस-2026 को उत्पादों की प्रदर्शनी से आगे बढ़ाकर व्यापार, निवेश, तकनीक, पर्यटन और सांस्कृतिक संवाद के अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में प्रस्तुत किया। एक ओर रूस के साथ औद्योगिक और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई, तो दूसरी ओर वियतनाम ने व्यापार को पर्यटन और संस्कृति से जोड़ते हुए अपनी आर्थिक क्षमताओं को प्रदर्शित किया।
यूपीआईटीएस में साझेदार देशों के लिए तैयार विशेष कार्यक्रमों का उद्देश्य विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और उत्तर प्रदेश के उद्यमियों के बीच सीधे संपर्क को बढ़ाना है। बी2बी बैठकें, बिजनेस डायलॉग, देश विशेष सत्र और राउंडटेबल चर्चाएं अंतरराष्ट्रीय भागीदारी को कारोबारी अवसरों से जोड़ने का माध्यम बन रही हैं। इससे प्रदेश के एमएसएमई, निर्यातकों, स्टार्टअप, युवा उद्यमियों और बड़े उद्योगों को वैश्विक बाजारों में नए साझेदार और कारोबारी अवसर तलाशने का मंच मिल रहा है।