7 सितंबर के बाद बंद होगा जाजमऊ का पुराना गंगा पुल, एनएचएआई ने किया ट्रैफिक डायवर्जन का ऐलान

0 20

कानपुर: जाजमऊ स्थित पुराने गंगा पुल को मरम्मत के लिए बंद करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। एनएचएआई सात सितंबर तक उन्नाव प्रशासन की मंजूरी का इंतजार करेगा। इसके बाद पुल को बंद कर यातायात को दूसरे मार्गों पर भेज दिया जाएगा। पुल बंद करने की अनुमति कानपुर और फतेहपुर प्रशासन से मिल चुकी है, जबकि उन्नाव प्रशासन ने इसके लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा है।

एनएचएआई के मुताबिक सात सितंबर के बाद पुल बंद करने की कार्रवाई की जाएगी। अगर इसके बाद भी पुल को यातायात के लिए खुला रखने का फैसला लिया जाता है तो इसकी जिम्मेदारी उन्नाव प्रशासन की होगी। एनएचएआई का कहना है कि सीआरआरआई की रिपोर्ट और लगातार बारिश को देखते हुए पुल को यातायात के लिए खुला रखना जोखिम भरा है।

पुल के निचले हिस्से की मरम्मत पूरी हो चुकी है। अब ऊपरी हिस्से में काम किया जाना है, जिसके लिए पुल को करीब तीन महीने तक बंद रखना जरूरी बताया गया है। पुल पर कई जगह गड्ढे हैं और बेयरिंग खराब होने की वजह से कंपन की समस्या भी सामने आ रही है।

सरैंया आरओबी बना सबसे बड़ी चुनौती

पुल बंद होने के बाद यातायात को दूसरे रास्तों से भेजने में सरैंया क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन आरओबी सबसे बड़ी अड़चन बना हुआ है। रेलवे लाइन के ऊपर बनने वाले तीन स्पैन में से दो का काम पूरा हो चुका है, जबकि तीसरे स्पैन का निर्माण अभी बाकी है।

सेतु निगम का कहना है कि उसके हिस्से का काम पूरा हो चुका है और बचा हुआ काम रेलवे को करना है। इस संबंध में उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डीआरएम को पत्र भेजकर अधूरे काम को जल्द पूरा कराने का अनुरोध किया गया है।

लखनऊ से कानपुर आने वाले वाहनों के लिए 14 विकल्प

एनएचएआई ने जाजमऊ पुल की मरम्मत की तैयारी इस उम्मीद के साथ की थी कि आरओबी का निर्माण समय पर पूरा हो जाएगा। हालांकि निर्धारित समय बीतने के बाद भी आरओबी का काम पूरा नहीं हो सका। इसके बावजूद एनएचएआई ने लखनऊ से कानपुर आने वाले यातायात को दूसरे मार्गों पर भेजने के लिए 14 विकल्प सुझाए हैं। इन विकल्पों की जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

पुल बंद होते ही यातायात को तय वैकल्पिक मार्गों पर भेज दिया जाएगा। एनएचएआई की योजना के मुताबिक मरम्मत के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन विकल्पों का इस्तेमाल किया जाएगा।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक पंकज यादव ने बताया कि जाजमऊ पुल को एक सितंबर से चार नवंबर तक बंद कर मरम्मत कराने की योजना थी। कानपुर और फतेहपुर प्रशासन को भेजे गए पत्र के बाद दोनों से अनुमति मिल चुकी है। उन्नाव प्रशासन ने एक सप्ताह का समय बढ़ाया है। एनएचएआई सात सितंबर तक इंतजार करेगा और इसके बाद पुल बंद कर दिया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.