भारत के जोरदार पलटवार से सहमा पाकिस्तान, तनाव कम करने के लिए सऊदी और अन्य देशों से लगाई मदद की गुहार
नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर लगातार सैन्य झड़प जारी है। पाकिस्तान पूरे पश्चिमी हिस्से पर लगातार मिसाइल, ड्रोन और तोप से हमला कर रहा है। हालांकि, भारत ने अपने मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से पाकिस्तान के इन सभी हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया है। भारतीय सेना भी पाकिस्तान के सभी हमलों का लगातार मुंहतोड़ जवाब दे रही है और इसी कड़ी में कई पाकिस्तानी चौकियों और आतंकी लॉन्च पैड को तबाह कर दिया है। इन सब के बीच अब पाकिस्तान को भारत के कड़े रुख से डर सताने लगा है। ऐसे में अब पाकिस्तान दुनियाभर के देशों से अपील कर रहा है कि वे भारत के साथ जारी तनाव को कम करवाने में उसकी मदद करें।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने जानकारी दी है कि पाकिस्तान की सरकार क्षेत्र में तनाव कम करने के प्रयासों के तहत ईरान, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सऊदी अरब, चीन और कतर सहित विभिन्न देशों के साथ दैनिक कूटनीतिक संपर्क स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सरकार मौजूदा स्थिति को सामान्य करने के प्रयास में लगी हुई है और इन देशों के साथ नियमित राजनयिक संपर्क में है।
एक तरफ जहां पाकिस्तान भारत के साथ तनाव को कम करवाने के लिए दुनियाभर के देशों से संपर्क साध रहा है, वहीं इसी समय सऊदी अरब के विदेश राज्य मंत्री अदेल अल-जुबैर इस्लामाबाद की यात्रा पर पहुंचे हैं। गौरतलब है कि सऊदी अरब के विदेश राज्य मंत्री इससे पहले नई दिल्ली की यात्रा पर भी आए थे, जिससे इस क्षेत्र में जारी तनाव को कम करने के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।