अहमदाबाद विमान हादसे पर विदेश मंत्रालय ने जताई गहरी संवेदना, प्रवक्ता बोले-हमने कई अनमोल जिंदगियों को खोया

0 222

नई दिल्ली। अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे को लेकर विदेश मंत्रालय ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह एक बेहद दुखद दुर्घटना है, जिसमें कई लोगों की जान गई है। हादसे में विदेशी नागरिकों के हताहत होने की भी खबर है। दिल्ली में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए जायसवाल ने कहा, “अहमदाबाद में जो कुछ हुआ, वह अत्यंत दुखद है। हमने कई अनमोल जिंदगियों को खोया है। हम उन सभी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं, जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है।”

उन्होंने आगे कहा कि हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयर इंडिया और अन्य संबंधित विभागों द्वारा साझा की जा रही है। बचाव अभियान अब भी जारी है और स्थिति लगातार बदल रही है। जायसवाल ने स्पष्ट किया कि सटीक और अंतिम विवरण के लिए कुछ और समय इंतजार करना होगा। मंत्रालय के अनुसार, हादसे में विदेशी नागरिकों के भी शामिल होने की पुष्टि हुई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।

उधर, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और प्रारंभिक रिपोर्ट जल्द ही जारी की जाएगी। एयर इंडिया ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। इस विमान दुर्घटना को लेकर देश-विदेश से शोक संदेशों का तांता लगा हुआ है। प्रधानमंत्री कार्यालय और राष्ट्रपति भवन से भी संवेदनाएं व्यक्त की गई हैं। हादसे के पीछे तकनीकी खराबी या मानवीय चूक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच एजेंसियां हादसे के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.