गोमा: कांगो के नॉर्थ किवु प्रांत में इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकी गुट ‘अलायड डेमोक्रेटिक फोर्स’ (ADF) ने एक जनाजे पर हमला कर कम से कम 60 लोगों की हत्या कर दी। यह हमला नतोयो गांव में हुआ, जहां लोग एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए इकट्ठा हुए थे। एक चश्मदीद के अनुसार करीब 10 हमलावर तलवारें और छुरे लेकर पहुंचे। उन्होंने लोगों को एक जगह इकट्ठा किया और फिर अंधाधुंध हमला शुरू कर दिया। कई लोगों के सिर काट दिए गए।
लुबेरो क्षेत्र के स्थानीय प्रशासक कर्नल एलन किवेवा ने बताया कि मृतकों की संख्या अभी बढ़ सकती है, क्योंकि टीमें घटनास्थल पर शवों की गिनती कर रही हैं। इसी दिन नॉर्थ किवु के बेनी क्षेत्र में भी ADF ने एक और हमला किया, जिसमें कम से कम 18 लोग मारे गए। मानवाधिकार कार्यकर्ता क्लॉड मुसावुली ने बताया कि ओइचा कस्बे में लाए गए शव तलवारों के वार से क्षत-विक्षत मिले हैं।

2019 से इस्लामिक स्टेट से जुड़ा ADF
ADF पूर्वी कांगो और युगांडा की सीमा पर सक्रिय है और 2019 में इस्लामिक स्टेट से जुड़ा था। कांगो और युगांडा की सेनाओं ने इस गुट के खिलाफ अभियान चलाए हैं, लेकिन इसके बावजूद यह लगातार नागरिकों पर हमले कर रहा है।
पहले भी कर चुका है बड़े हमले
जुलाई में ADF ने इटुरी प्रांत में दो हमलों में 100 से अधिक लोगों की जान ली थी। इनमें से कोमांडा के एक चर्च पर हमले में 34 लोग मारे गए थे। संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने चिंता जताते हुए कहा कि पूर्वी कांगो में सुरक्षा का अभाव है, जिसका फायदा उठाकर ADF जैसे आतंकी गुट आम नागरिकों पर हमले कर रहे हैं।