यूपी में सोमवार देर शाम भीषण हादसा हो गया। मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर अचानक से सड़क पर आई महिला को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने बराबर में चल रहे पिकअप को साइड मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और वह हाईवे से नीचे खेतों में पलट गया। कई पलटे खाते हुए पिकअप खेत में गिरा और कुछ लोग नीचे दब गए। पिकअप में दुल्हन को लेकर परिवार और रिश्तेदार बुलंदशहर से वापस सरधना लौट रहे थे। हादसे में दुल्हन की बुआ की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य लोग घायल हो गए। सभी को एनसीआर मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया है।
सरधना के मानपुरी गांव निवासी उम्मैद सिंह ने अपनी बेटी प्राची की शादी नौ नवंबर को बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र स्थित माकड़ी गांव निवासी हरीश पुत्र हरवीर से की थी। सोमवार को परिजन प्राची को लेने के लिए उसकी ससुराल पहुंचे थे। प्राची को लेकर मायके पक्ष के करीब 25 लोग सोमवार शाम को पिकअप से वापस सरधना लौट रहे थे। शाम को 7.30 बजे एक महिला अचानक ही खरखौदा में मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर आ गई। इसी महिला को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रक ने कट मार दिया और बराबर में चल रही प्राची पक्ष की पिकअप को साइड मार दी। टक्कर लगते ही पिकअप अनियंत्रित हो गई और हाईवे से नीचे खेत में पलट गई। कई मीटर तक पलटते हुए पिकअप खेत में जा गिरा। कुछ लोग पिकअप के नीचे दब गए, जबकि बाकी भी गंभीर घायल हो गए। मौके पर चीख पुकार मच गई।
आसपास के लोगों ने मदद की और पुलिस को सूचना दी। पास ही चेकिंग कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दूसरी ओर, एनसीआर मेडिकल कॉलेज कॉल कर मौके पर एंबुलेंस बुलवाई गई तुरंत ही घायलों को एनसीआर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हादसे में दुल्हन समेत 24 लोग घायल हो गए, जबकि दुल्हन की बुआ 42 वर्षीय सुरेश पत्नी बबलू की मृत्यु हो गई। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। गंभीर हालत के चलते रात को ही कुछ लोगों को मेरठ मेडिकल कॉलेज और दिल्ली रेफर करने की तैयारी की जा रही है। वहीं घटना की सूचना पर एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा व सीओ किठौर प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और अस्पताल में घायलों से पुछताछ कर जानकारी की।

यह हुए घायल
हादसे में महेश, सतपाल, उम्मेद, साक्षी, प्रांची, चंचल, सुरेश, देविका, रजत, पुष्पेन्द्र, कनक, रविंद्र, कुनाल, कुलदीप, वंश, नवीन, अभिषेक घायल हो गये। वहीं हादसे की चपेट में आने से मेरठ के सिविल लाइन निवासी रजत व खरखौदा निवासी शशि भी घायल हो गई।
घायल के 60 हजार रुपए गायब
खरखौदा के महेश ने बताया कि उसकी पत्नी सुरेश फरीदाबाद से 60 हजार रुपए की नकदी लेकर वापस लौट रही थी। हापुड़ से वह भी पिकअप में सवार हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दौरान उसके पास रही नकदी भी गायब हो गई।
वृद्ध महिला को बचाने में हुआ हादसा
हादसे की शिकार पिकअप चालक संजू निवासी गावड़ी परतापुर ने बताया कि एक वृद्ध महिला सड़क पार कर रही थी, जिसे बचाने के चक्कर में पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी और गाड़ी पलट गई।