मैसुरु: गुब्बारों में गैस भरने वाला सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका, 1 की मौके पर ही मौत; 4 लोग घायल

0 17

मैसुरु: कर्नाटक के मैसुरु में दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। यहां के मैसुरु पैलेस के जय मार्तण्ड द्वार के पास बड़ी दुर्घटना हो गई। गुब्बारों में हीलियम गैस भरने वाला सिलेंडर फट गया। इससे गुब्बारा बेचने वाले व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इसकी चपेट में चार अन्य लोग भी आ गए, जिनमें एक महिला भी शामिल है। महिला को गंभीर चोटें आई हैं। चारों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

मैसुरु में कैसे हो गया हादसा?
मैसुरु की पुलिस कमिश्नर सीमा लाटकर ने सिलेंडर ब्लास्ट की घटना पर कहा, ‘जय मार्तण्ड गेट के पास शाम करीब 8:30 बजे एक व्यक्ति साइकिल पर हीलियम गुब्बारे बेच रहा था। गुब्बारों में गैस भरने के लिए इस्तेमाल किया गया छोटा सिलेंडर अचानक फट गया। गुब्बारा बेचने वाले की मौत हो गई। पास से गुजर रहे 4 अन्य लोगों को चोटें आई हैं। हम मामले की जांच कर रहे हैं।’

ब्लास्ट की चपेट में कौन-कौन आया?
मृतक की पहचान के सवाल पर सीमा लाटकर ने कहा कि अभी ये नहीं हो पाया है। पुष्टि होते ही बताएंगे। उन्होंने आगे बताया, ‘एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। इनमें एक नंजनगुड़ का और एक बेंगलुरु का है। दो अन्य ने अभी बात नहीं की है। उनसे पूछकर जानकारी लेंगे।’

जख्मी लोग पर्यटक हैं या लोकल?
जख्मी लोग बाहरी थे या लोकल, इस सवाल पर पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘बेंगलुरु वाला छुट्टियों में घूमने आया पर्यटक लगता है। एक नंजनगुड़ का और अन्य स्थानीय बताए जा रहे हैं, लेकिन पुष्टि करनी बाकी है। बेंगलुरु की मंजुला लक्ष्मी, नंजनगुड़ की मंजुला, राणेबन्नूर की कोत्रेशी, कोलकाता की शाहीना जैसे नाम हैं। इनकी दोबारा जांच कर रहे हैं।’

गुब्बारा बेचने वाले की मौके पर ही मौत
पुलिस अधिकारी सीमा लाटकर ने आगे कहा कहा कि गुब्बारे बेचने वाला स्थानीय था। वह करीब 40 साल का था। इस मामले में एक मौत हुई है और चार लोग घायल हैं। कुल पांच लोग इससे प्रभावित हुए हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.