Bihar Weather: बिहार के उत्तर में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट, दक्षिण में भी भयंकर ठंड; आगे कैसा होगा मौसम

0 7,430

Bihar Weather: साल खत्म होने से पहले सर्दी का सितम और बढ़ गया है। बिहार समेत उत्तर भारत के ज्यादातर राज्य कड़ाके की सर्दी झेल रहे हैं, जबकि पंजाब से लेकर (बिहार होते हुए) असम तक सभी राज्य घने कोहरे की चपेट में आ गए हैं। सेटेलाइट तस्वीर में यह संपूर्ण इलाका कोहरे की चादर में लिपटा दिख रहा है। रविवार को बिहार सर्द पछुआ से भी ठिठुरता रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को भी उत्तर बिहार में घने कोहरे छाए रहने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं दक्षिण बिहार में भी हल्के से मध्यम स्तर के कोहरे छाए रहने के आसार हैं।

रविवार को जहानाबाद भीषण शीत दिवस और फारबिसगंज, गया जी, बक्सर, औरंगाबाद और अरवल शीत दिवस की चपेट में रहा। वहीं, गया जी, छपरा, फारबिसगंज, बक्सर, औरंगाबाद, राजगीर, अरवल और जहानाबाद का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया। राज्य के इन जिलों में शीतलहर जैसे हालात बने रहे। गया जी में घना कोहरा छाया रहा है। इससे दृश्यता मात्र 50 मीटर दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना जतायी है। रविवार को राज्य के ज्यादातर शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट और अधिकतम में बढ़ोतरी हुई। प्रदेश का न्यूनतम तापमान 6.8 से 13.4 और अधिकतम तापमान 13.2 से 18.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सबसे कम तापमान 6.8 डिग्री राजगीर और सबसे अधिक 18.7 डिग्री शेखपुरा में दर्ज किया गया।

मुजफ्फरपुर में कैसा रहेगा मौसम
मुजफ्फरपुर जिले में कोल्ड डे जैसे हालत से अगले दो दिनों तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार फिलहाल जेट स्ट्रीम के प्रभाव से शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। इस बीच लगातार थोड़ा-थोड़ा कर बढ़ रहा न्यूनतम तापमान रविवार को एक डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। इसके अलावा दिन के तापमान में आंशिक कमी आई। दिन और रात में तापमान में महज साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस का अंतर रहने के कारण कनकनी बढ़ गई है। इससे लोगों की सामान्य दिनचर्या प्रभावित हो रही है। इस कारण जहां सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिख रहा है, वहीं आम दिनों में बाजारों में रहनेवाली भीड़ भाड़ भी नहीं दिख रही है।

पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि अभी दो दिनों तक जिले में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। इसका कारण जेट स्ट्रीम के कारण बहनेवाली तेज पछुआ हवा है। रविवार को भी काफी तेज गति से पछुआ बहती रही। दिन और रात के तापमान में काफी कम अंतर रहने से हवा में नमी की मात्रा भी करीब 100 प्रतिशत के आसपास रह रही है। इससे अब शीतलहर की स्थिति बन रही है। हालांकि, बुधवार से इसमें कुछ राहत मिल सकती है। हवा के रुख में बदलाव आने के आसार बन रहे हैं।

भागलपुर में शिमला-मसूरी व नैनीताल से भी ज्यादा ठंड
रविवार को दिन में ठंड इस कदर पड़ी कि इस ठंड के आगे शिमला-मसूरी व नैनीताल की ठंड भी फीकी पड़ गई। भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की मानें तो सोमवार को मध्यम कोहरे के बीच कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है

बीएयू, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को दिन का पारा नीचे आएगा तो वहीं रात के तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा। रात व सुबह में घना कोहरा छाया रहेगा तो दिन में आंशिक बदरी के बीच धूप होने का अनुमान है। हालांकि 31 दिसंबर से दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

सीमांचल में ठंड से हाहाकार
इधऱ पूर्णिया समेत सीमांचल और आसपास के जिलों में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। रविवार को दिनभर शीतलहर का असर बना रहा, वहीं घना कोहरा और सूर्य के दर्शन न होने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 दिसंबर को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 30 दिसंबर को राज्य के उत्तर और दक्षिण-पश्चिम जिलों के कुछ हिस्सों में घना कोहरा रहेगा। 31 दिसंबर से लेकर 1 और 2 जनवरी तक लगातार घने कोहरे का असर बना रहेगा। वहीं 3 जनवरी को भी एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। अगले सात दिनों तक मध्यम से घने स्तर का कोहरा छाया रहेगा।

चंपारण में मसूरी जैसी ठंड
चंपारण में मसूरी जैसी ठंड पड़ रही है। इधर, डॉ. राजेंद्र केंद्रीय कृषि विवि, पूसा के मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. ए सत्तार ने बताया कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। हालांकि मौसम में थोड़ा सुधार होने की संभावना है। घना कुहासा छाया रह सकता है। अगले तीन-चार दिनों तक पछिया हवा चलेगी। इससे कनकनी बरकरार रह सकती है। जेड स्ट्रीम के सक्रिय रहने से हिमालय की बर्फीली हवा चंपारण होते हुए उत्तर बिहार में प्रवेश कर रही है।

झारखंड के सात जिलों में शीत लहर
झारखंड में रांची के पास कांके 2.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रांची, रामगढ़ और बोकारो के लिए शीत लहर की स्थिति के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में रविवार को भी कड़ाके की ठंड जारी रही।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.