देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की जिला जेल में बंद पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की मंगलवार की रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद जेल कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें अमिताभ ठाकुर को स्ट्रेचर पर ले जाते हुए दिखाया गया है।
जेल में क्यों बंद हैं अमिताभ ठाकुर?
पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर 10 दिसंबर से देवरिया जिले की जिला जेल में बंद हैं। उन्हें देवरिया इंडस्ट्रियल एरिया में जमीन के धोखाधड़ी मामले में जेल में रखा गया है। हाल ही में उनकी जमानत याचिका सीजीएम कोर्ट ने खारिज कर दी थी।
जमानत याचिका खारिज, वापस जेल भेजा गया
मंगलवार को अमिताभ ठाकुर को देवरिया जिला अदालत में पेश किया गया था। कोर्ट ने बचाव और अभियोजन पक्ष की दलीलें सुनने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) मंजू कुमारी ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद उन्हें जिला कारागार वापस भेजा गया।
जमीन के आवंटन में अनियमितताओं का आरोप
जानकारी के अनुसार, अमिताभ ठाकुर पर साल 1999 के पुरवा औद्योगिक एस्टेट में जमीन के आवंटन में अनियमितताओं का आरोप है। जमानत याचिका खारिज होने के बाद उनके वकीलों ने बताया कि वे जिला न्यायाधीश की अदालत में अपील दायर करेंगे।