MP Weather: सर्द हवाओं से कांपा मध्य प्रदेश, 3.7 डिग्री तक गिरा पारा; जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम

0 401

भोपाल। मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने लोगों को बेहाल कर रखा है। सर्द हवाओं के चलते शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सोमवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान शहडोल में दर्ज किया गया, जहां पारा गिरकर 3.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भिंड, ग्वालियर, सतना, दतिया, कटनी और शहडोल समेत कई जिलों में घना कोहरा भी देखने को मिला।

राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में ठंड का असर
राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। इंदौर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री तक रह सकता है। ग्वालियर में रात का पारा 9 डिग्री और सतना में 10 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं इन इलाकों में अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा ठंड का प्रकोप
मौसम विभाग के अनुसार मैहर, कटनी, ग्वालियर-चंबल अंचल, अनूपपुर और आसपास के इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। शहडोल के बाद खजुराहो, उमरिया, रीवा और पचमढ़ी जैसे जिले भी कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। शहडोल में इस सीजन करीब 20 दिनों तक न्यूनतम तापमान सबसे कम रिकॉर्ड किया जा चुका है।

शहडोल में हड्डियां जमाने वाली ठंड
शहडोल जिले में बीती रात तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। सुबह होते ही तेज सर्द हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया। दिन में धूप निकलने के बावजूद शाम ढलते ही शीतलहर तेज हो जाती है। हालात ऐसे हैं कि सुबह के समय लोगों के लिए घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

कटनी में मॉर्निंग वॉक पर भी असर
कटनी जिले में ठंड का असर आम जनजीवन पर साफ नजर आ रहा है। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कॉलोनी और आसपास के इलाकों में मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या काफी कम हो गई है। जो लोग निकल भी रहे हैं, वे सिर पर टोपी, हाथों में दस्ताने और मोटे गर्म कपड़े पहनकर ही बाहर आ रहे हैं। सुबह ओस गिरने से सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहता है।

आने वाले दिनों में मिल सकती है राहत
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश को कड़ाके की ठंड से आंशिक राहत मिल सकती है। इसी सप्ताह कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है, जिससे तापमान में मामूली बदलाव देखने को मिल सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.