RailOne App से टिकट बुकिंग पर रेलवे का बड़ा तोहफा, अब हर डिजिटल पेमेंट पर मिलेगी 3% की छूट

0 1,598

नई दिल्ली। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब अनारक्षित रेल टिकट की बुकिंग पर यात्रियों को सीधा डिस्काउंट मिलेगा। रेलवे ने RailOne App के जरिए अनारक्षित टिकट बुक करने और डिजिटल भुगतान करने पर तीन प्रतिशत की छूट देने का फैसला किया है। यह सुविधा फिलहाल प्रायोगिक आधार पर 14 जुलाई तक लागू की गई है, जिसके बाद इसके परिणामों की समीक्षा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

अब सभी डिजिटल पेमेंट पर मिलेगा लाभ
अब तक RailOne App पर अनारक्षित टिकट बुक करते समय केवल आर-वॉलेट के जरिए भुगतान करने पर ही तीन प्रतिशत बोनस कैशबैक मिलता था। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवे ने यह सुविधा सभी स्वीकृत डिजिटल भुगतान माध्यमों तक बढ़ा दी है। अब यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान करने पर यात्रियों को सीधे तीन प्रतिशत की छूट मिलेगी।

दैनिक यात्रियों को होगा सबसे ज्यादा फायदा
नई व्यवस्था से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों और अनारक्षित श्रेणी में यात्रा करने वालों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। इसके साथ ही रेलवे को उम्मीद है कि इससे टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों में भी कमी आएगी और डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा मिलेगा।

एक ही ऐप पर मिलेंगी कई रेल सुविधाएं
रेल सूचना प्रणाली केंद्र द्वारा विकसित RailOne App को प्ले स्टोर और ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। रेल कनेक्ट या यूटीएस मोबाइल ऐप के मौजूदा उपयोगकर्ता पहचान प्रमाण के जरिए सीधे लॉगिन कर सकते हैं। इस ऐप पर अनारक्षित टिकट, आरक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, ट्रेन और स्टेशन से जुड़ी जानकारी, शिकायत निवारण सहित कई यात्री सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.