IND vs PAK U19 World Cup 2026: एशिया कप की हार का हिसाब चुकता करने उतरेगी टीम इंडिया, एक जीत से सेमीफाइनल लगभग तय

0 35

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी। पांच बार की चैंपियन भारतीय अंडर-19 टीम आज 1 फरवरी 2026 को सुपर सिक्स मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। यह मुकाबला सिर्फ सेमीफाइनल की राह आसान करने का नहीं, बल्कि एशिया कप फाइनल में मिली करारी हार का बदला लेने का भी है।

एशिया कप फाइनल की हार अभी भी चुभ रही है

पिछले साल 21 दिसंबर को दुबई में खेले गए अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर खिताब जीता था। हालांकि इससे पहले 14 दिसंबर को ग्रुप स्टेज में भारत ने पाकिस्तान को 90 रन से मात दी थी। फाइनल में मिली उस शर्मनाक हार की टीस भारतीय खिलाड़ियों के जेहन में अब भी है।

आयुष म्हात्रे की कप्तानी में बदले की तैयारी

भारतीय अंडर-19 टीम की कमान आयुष म्हात्रे के हाथों में है। रविवार को होने वाले इस अहम मुकाबले में टीम इंडिया बदले के इरादे से मैदान में उतरेगी। एशिया कप फाइनल के बाद भारत ने पाकिस्तान टीम से हाथ मिलाने से परहेज किया था और ग्रुप मैच के दौरान भी यही रुख देखने को मिला था। अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी यह नीति जारी रहने की संभावना है।

वर्ल्ड कप में अब तक भारत का दमदार प्रदर्शन

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार खेल दिखाया है। भारत ने अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ छह विकेट की जीत से की थी। इसके बाद ग्रुप चरण में बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को हराकर सुपर सिक्स में जगह बनाई। सुपर सिक्स के पहले मुकाबले में 27 जनवरी को भारत ने मेजबान जिम्बाब्वे को 204 रन से रौंदकर अपनी ताकत का एहसास कराया।

बल्लेबाजी में कुंडू, सूर्यवंशी और मल्होत्रा पर होंगी नजरें

विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू अब तक 183 रन बना चुके हैं, जबकि वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से 166 रन निकल चुके हैं। दोनों बल्लेबाजों ने दो-दो अर्धशतक जमाए हैं और अब उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। विहान मल्होत्रा ने पिछले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार 109 रन बनाए थे और वह अपनी लय को बरकरार रखना चाहेंगे।

गेंदबाजों ने भी दिखाया दम

भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में हेनिल पटेल और उद्धव मोहन ने अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। पाकिस्तान जैसी मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप के खिलाफ इन गेंदबाजों की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है।

कहां और कितने बजे खेला जाएगा IND vs PAK U19 मुकाबला

यह हाई-वोल्टेज मुकाबला जिम्बाब्वे के बुलावायो में खेला जाएगा। मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से होगी।

कहां देखें India vs Pakistan U19 World Cup मैच

भारत बनाम पाकिस्तान अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का यह मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध रहेगी।

IND U-19 vs PAK U-19: दोनों टीमों की संभावित स्क्वॉड

भारत अंडर-19 टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), एरन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), वेदांत त्रिवेदी, कनिष्क चौहान, आरएस अम्ब्रिश, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, उद्धव मोहन, मोहम्मद एनान, दीपेश देवेंद्रन, हरवंश पंगलिया, किशन कुमार सिंह

पाकिस्तान अंडर-19 टीम: फरहान यूसुफ (कप्तान), समीयर मिन्हास, हमज़ा ज़हूर (विकेटकीपर), उस्मान खान, अहमद हुसैन, हुज़ैफ़ा अहसान, मोहम्मद शायान, अब्दुल सुभान, मोमिन क़मर, मोहम्मद सय्याम, अली रज़ा, अली हसन बलोच, दानियाल अली खान, उमर जैब, निकाब शफीक

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.