गुजरात में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने ईको कार को रौंदा; तीन की मौके पर मौत, चार गंभीर घायल

0 104

गुजरात के बोटाद जिले में शनिवार, 31 जनवरी की रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। रानपुर के पास किनारा चौकड़ी पर तेज रफ्तार ट्रक और ईको कार की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

मध्य प्रदेश से गुजरात जा रहे थे सभी लोग

हादसे का शिकार हुए सभी लोग मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के नलखेड़ा तहसील स्थित पनाला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। ये लोग खेतीबाड़ी के काम के सिलसिले में गुजरात के रानपुर इलाके के कुंडलि गांव जा रहे थे। धंधुका की ओर जाने वाले हाईवे से करीब दो किलोमीटर आगे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

तेज रफ्तार ट्रक से टकराकर चकनाचूर हुई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ईको कार की टक्कर एक तेज रफ्तार ट्रक से हुई, जिसके बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ लोगों के शव वाहन से बाहर निकलकर सड़क पर जा गिरे, जबकि कई यात्री कार के अंदर ही बुरी तरह फंस गए।

मौके पर मची चीख-पुकार, बच्चा दर्द से कराहता रहा

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। एक घायल बच्चा सड़क पर दर्द से कराहता रहा। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

तीन एंबुलेंस पहुंचीं, घायलों को बोटाद अस्पताल भेजा गया

सूचना मिलते ही पालियाड, रानपुर और नगनारे से एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को तत्काल बोटाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य संभाला और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस जांच में जुटी, ट्रक चालक की तलाश जारी

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.