मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर फायरिंग की घटना से मुंबई में सनसनी फैल गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनके घर के बाहर पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है।
घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद रोहित शेट्टी के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस पूरे इलाके को खंगाल रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
अज्ञात हमलावर ने की फायरिंग, मौके से फरार
रोहित शेट्टी के करीबी सूत्रों के मुताबिक, एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर के बाहर पांच राउंड फायरिंग की और इसके बाद मौके से फरार हो गया। मुंबई पुलिस ने भी पुष्टि की है कि फायरिंग अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
फायरिंग की वजह अब तक साफ नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग किस मकसद से की गई। पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है और हमलावर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाने का काम शुरू कर दिया है।
सेलेब्रिटी सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर मुंबई में सेलेब्रिटीज की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फायरिंग की खबर सामने आते ही रोहित शेट्टी के फैंस भी चिंता में आ गए हैं। हालांकि, अब तक रोहित शेट्टी या उनके परिवार की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।