नोएडा एयरपोर्ट के पास गरजा बुलडोजर, यमुना प्राधिकरण ने 400 करोड़ की जमीन से हटाया अवैध कब्जा

0 278

जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास अवैध निर्माण पर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को जेवर क्षेत्र के दयानतपुर और साबौता गांव में अधिसूचित जमीन पर बुलडोजर चलाकर बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण किया गया। इस कार्रवाई में करीब एक लाख वर्गमीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 400 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

अधिसूचित क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई
यमुना प्राधिकरण की टीम ने दयानतपुर और साबौता गांव में अधिसूचित क्षेत्र के भीतर की जा रही अवैध प्लाटिंग और 60 मीटर चौड़ी एयरपोर्ट रोड पर हो रहे गैरकानूनी निर्माण को ध्वस्त किया। अधिकारियों ने साफ किया कि प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कॉलोनी काटने और निर्माण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

एक लाख वर्गमीटर जमीन कराई गई खाली
यमुना प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि जेवर के दयानतपुर और साबौता गांव में कालोनाइजरों द्वारा अधिसूचित क्षेत्र और एयरपोर्ट को जोड़ने वाली 60 मीटर रोड पर अवैध प्लाटिंग कर ली गई थी। करीब एक लाख वर्गमीटर जमीन पर किए गए इन अवैध निर्माणों को सोमवार को ध्वस्त कर दिया गया।

सीईओ के निर्देश पर चला अभियान
मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में दयानतपुर गांव के खसरा संख्या 463 पर ऐरो ग्रीन सिटी द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग और एयरपोर्ट रोड पर हो रहे निर्माण को हटाया गया। इसके साथ ही साबौता मुस्तफाबाद गांव की खसरा संख्या 447 और 448 पर किए गए अवैध निर्माण भी तोड़े गए।

मौके पर मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल
इस ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार, उपजिलाधिकारी हरी प्रताप, शिवौतार सिंह, तहसीलदार मनोज कुमार सिंह और जेवर कोतवाली के निरीक्षक संजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्राधिकरण ने दो टूक कहा है कि एयरपोर्ट क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.