जिला जज ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर-किशोरी और बालिका गृह का किया निरीक्षण, सुविधाओं व व्यवस्थाओं की ली जानकारी

0 143

गौतमबुद्धनगर। उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश गौतमबुद्ध नगर अतुल श्रीवास्तव ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर, राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोरी तथा राजकीय बालिका गृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी त्यागी भी मौजूद रहीं।

बालक-बालिकाओं से सीधे संवाद
निरीक्षण के दौरान जिला जज ने सम्प्रेक्षण गृह में रह रहे बालक और बालिकाओं से बातचीत की। उन्होंने उनके लंबित मुकदमों की स्थिति के बारे में जानकारी ली और यह भी पूछा कि उन्हें समय पर कानूनी सहायता मिल रही है या नहीं। साथ ही बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन व्यवस्था और अन्य भौतिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

सुविधाओं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जिला जज ने निरीक्षण के दौरान परिसर की साफ-सफाई, रहन-सहन की व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। बच्चों के लिए उपलब्ध संसाधनों को लेकर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की गई।

किशोर-किशोरियों के लिए चलाई जा रहीं विशेष गतिविधियां
सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी त्यागी ने बताया कि सम्प्रेक्षण गृह में रह रहे किशोर और किशोरियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई रचनात्मक और शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनमें योग, डांस, सिलाई-बुनाई, कंप्यूटर कोर्स, इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स, मेडिटेशन और आर्ट-क्राफ्ट जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

मुख्यधारा से जोड़ने पर फोकस
बताया गया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को मानसिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें और भविष्य में आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.