रहस्यमयी हालात में महिला की मौत, पति के दोस्त के घर बेड पर मिला शव; गले के निशानों ने बढ़ाया शक

0 128

हापुड़। जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव आरिफपुर मढैय्या स्थित एक मकान में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शव कमरे के अंदर बेड पर पड़ा था और महिला के गले पर फंदे के स्पष्ट निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

मृतका की पहचान, पांच साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 25 वर्षीय तनु के रूप में हुई है, जो हापुड़ के गांव सलारपुर की निवासी थी। तनु की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व मेरठ जिले के गांव घुड़म निवासी युवक से हुई थी।

25 दिनों से पति को छोड़ दोस्त के साथ रह रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक, तनु बीते लगभग 25 दिनों से अपने पति से अलग होकर गांव आरिफपुर मढैय्या में पति के एक दोस्त के साथ रह रही थी। जिस मकान में महिला का शव मिला, वह उसी युवक का बताया जा रहा है। घटना के बाद से वह युवक फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
बुधवार सुबह महिला का शव मिलने की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान कमरे में बेड पर शव मिला, जबकि गले पर फंदे के निशान साफ दिखाई दे रहे थे।

पिता को दोपहर में मिली मौत की सूचना
मृतका के पिता ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे थाना बाबूगढ़ पुलिस से उन्हें बेटी की मौत की सूचना दी गई। इसके बाद वह परिजनों के साथ मुदाफरा चौकी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कुछ दिनों से पति के दोस्त के साथ रह रही थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि महिला के गले पर फंदे के निशान पाए गए हैं। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फरार युवक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। फरार युवक की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.