यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 11 जिलों के कप्तान समेत 24 IPS अधिकारियों का तबादला; प्रवीण कुमार बने ADG जोन लखनऊ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने बुधवार देर रात 11 जिलों के पुलिस कप्तानों सहित कुल 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस बदलाव को कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक मजबूती के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
प्रवीण कुमार को मिली अहम जिम्मेदारी
आईजी अयोध्या के पद पर तैनात रहे प्रवीण कुमार को एडीजी जोन लखनऊ नियुक्त किया गया है। वहीं, वर्तमान एडीजी जोन लखनऊ सुजीत पांडेय को डीजी अग्निशमन एवं आपात सेवाएं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन जिलों में बदले गए पुलिस कप्तान
शासन के आदेश के तहत गोरखपुर, अमेठी, मेरठ, सहारनपुर, रायबरेली, पीलीभीत, सुलतानपुर, मीरजापुर, जौनपुर, खीरी और बस्ती में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई है। इन जिलों में नए अधिकारियों के आने से पुलिसिंग में नई रणनीति और सख्ती की उम्मीद जताई जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों की भी बदली गई तैनाती
आईजी ईओडब्लू के पद पर तैनात केएस इमेनुअल को डीजीपी का जीएसओ बनाया गया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानपुर कमिश्नरेट विनोद कुमार सिंह को आईजी पुलिस अकादमी मुरादाबाद भेजा गया है। अपर पुलिस आयुक्त गाजियाबाद रहे आलोक प्रियदर्शी को अब वाराणसी कमिश्नरेट में अपर पुलिस आयुक्त बनाया गया है, जबकि डीआईजी गोरखपुर राजकरण नैयर को गाजियाबाद कमिश्नरेट भेजा गया है।
DIG और SSP स्तर पर भी बड़ा बदलाव
डीआईजी मीरजापुर सोमेन वर्मा को डीआईजी अयोध्या रेंज बनाया गया है। आईजी खीरी संकल्प शर्मा और डीआईजी मेरठ विपिन टाडा को संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानपुर नगर की जिम्मेदारी दी गई है। डीआईजी पीलीभीत अभिषेक यादव को डीआईजी एटीएस बनाया गया है, जबकि डीआईजी सहारनपुर आशीष तिवारी को डीआईजी टेक्निकल सर्विसेज भेजा गया है।
कई जिलों में नए SSP और SP की तैनाती
एसपी सुलतानपुर कुंवर अनुपम सिंह को एसएसपी जौनपुर बनाया गया है। सेनानायक 9वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद ख्याति गर्ग को एसपी खीरी की जिम्मेदारी दी गई है। एसपी रायबरेली यशवीर सिंह को एसपी बस्ती भेजा गया है, जबकि सेनानायक 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद चारु निगम को एसपी सुलतानपुर बनाया गया है।
मेरठ, गोरखपुर और सहारनपुर में नए SSP
एसपी बस्ती अभिनन्दन को एसएसपी सहारनपुर बनाया गया है। एसएसपी जौनपुर डॉ. कौस्तुभ को एसएसपी गोरखपुर की कमान सौंपी गई है। वहीं, सेनानायक 01वीं वाहिनी एसएसएफ लखनऊ अविनाश पाण्डेय को एसएसपी मेरठ बनाया गया है।
अन्य अहम तबादले
एसपी अमेठी अपर्णा रजत कौशिक को एसपी मीरजापुर बनाया गया है। सेनानायक 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर रवि कुमार को एसपी रायबरेली की जिम्मेदारी दी गई है। एसपी क्षेत्रीय अभिसूचना आगरा सुकीर्ति माधव को एसपी पीलीभीत, अपर पुलिस उपायुक्त वाराणसी सर्वानन टी को एसपी अमेठी और अपर पुलिस अधीक्षक संभल अनुकृति शर्मा को अपर पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर बनाया गया है।