जुमे की नमाज के दौरान इस्लामाबाद में बड़ा धमाका, 10 की मौत, दर्जनभर लोग घायल; शहर में इमरजेंसी

0 249

Islamabad Blast: पड़ोसी देश पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आज (शुक्रवार, 6 फरवरी को) जुमे की नमाज के दौरान बड़ा धमाका हुआ है, जिसमें 10 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है, जबकि दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, शहर के शहजाद टाउन इलाके के तरलाई इमामबाड़े में जुमे की नमाज के दौरान एक जोरदार विस्फोट हुआ है। पुलिस ने अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुँचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। इलाके को घेर लिया गया है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इसे आत्मघाती हमला कहा जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए इस्लामाबाद के प्रमुख अस्पतालों में आपातकाल लागू कर दिया गया है। पॉलीक्लिनिक अस्पताल, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और CDA अस्पताल को अलर्ट पर रखा गया है। PIMS के प्रवक्ता के हवाले से डॉन ने बताया है कि अस्पताल के मुख्य इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक विभाग, बर्न सेंटर, न्यूरोलॉजी विभाग को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। घायलों को लगातार PIMS और पॉलीक्लिनिक अस्पताल में लाया जा रहा है।

अब तक धमाके की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली
फिलहाल धमाके के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच एजेंसियां मौके से सबूत जुटा रही हैं और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोट कैसे और किन हालात में हुआ। बहरहाल सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। अभी तक इन धमाके की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे बेहद गंभीर मान रही हैं। फॉरेंसिक टीमें भी मौके पर सबूत जुटाने में लगी हैं। अधिकारियों का कहना है कि घायलों की संख्या और स्थिति पर नजर रखी जा रही है और विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी। फिलहाल इस्लामाबाद में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

राजधानी में हालिया धमाकों की कड़ी?
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब तीन महीने पहले ही इस्लामाबाद के G-11 इलाके में एक बड़ा आत्मघाती हमला हुआ था। 11 नवंबर 2025 को जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर हुए धमाके में तब 12 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे। आज का विस्फोट उस हमले की यादें ताजा कर रहा है और राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर रहा है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.