बोर्ड परीक्षा-2026 की तैयारी तेज, डीएम की अध्यक्षता में हुई बड़ी बैठक; नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा के दिए सख्त निर्देश

0 28

गौतम बुद्ध नगर। उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा-2026 को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक आईआईएमटी कॉलेज, ग्रेटर नोएडा के ऑडिटोरियम हॉल में हुई, जिसमें प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ परीक्षा से जुड़े सभी जिम्मेदार अधिकारियों ने भाग लिया।

60 परीक्षा केंद्रों के जिम्मेदार अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जनपद के 60 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट शामिल हुए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन, अनुशासित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाएं।

परीक्षा से पहले शत-प्रतिशत निरीक्षण के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी परीक्षा केंद्रों का शत-प्रतिशत निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। जहां कहीं भी किसी प्रकार की कमी पाई जाए, उसे समय रहते दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर स्ट्रांग रूम की स्थापना की जाए और वहां 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय अवस्था में रहने चाहिए।

ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारी समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें। परीक्षा केंद्रों के आसपास साफ-सफाई, परीक्षा कक्षों में समुचित प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही शासनादेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

स्ट्रांग रूम और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा पर विशेष जोर
बैठक में निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूम और उनमें रखी चार डबल लॉक अलमारियों को नियमानुसार खोला और बंद किया जाए। चाबियों का रख-रखाव पूरी प्रक्रिया के अनुसार हो। परीक्षा दिवस पर प्रश्नपत्र खोलने से पहले तिथि, विषय और पाली की पूरी जांच की जाए ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या विचलन न हो। सभी अधिकारी निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें और परीक्षा को पूरी सुचिता के साथ संपन्न कराएं।

परीक्षा अवधि में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
बैठक के दौरान पुलिस विभाग की ओर से परीक्षा अवधि में की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई। परीक्षा केंद्रों और उनके आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने की बात कही गई, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की घटना को रोका जा सके।

42,917 छात्र-छात्राएं होंगे शामिल
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 में गौतम बुद्ध नगर जनपद से कक्षा 10वीं और 12वीं के कुल 42,917 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि जनपद में 60 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं कराई जाएंगी। सभी केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रश्नपत्रों को पुलिस अभिरक्षा में संबंधित केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.