महाशिवरात्रि पर अमरोहा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, भोर से मंदिरों में जलाभिषेक को लगी लंबी कतारें

0 292

अमरोहा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिलेभर के शिवालयों में रविवार तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गजरौला क्षेत्र के चाकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह चार बजे से ही भक्तों की लंबी लाइन लग गई। मंदिर परिसर ध्वनि विस्तारक यंत्रों से गूंजते शिव भजनों और “हर हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

सुबह चार बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक का क्रम
जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु बेलपत्र, प्रसाद और पूजा सामग्री लेकर भोर से ही कतारों में खड़े रहे। चाकेश्वर महादेव मंदिर के साथ-साथ चौबारा का प्राचीन शिव मंदिर, भानपुर, नगला माफी, कुमराला, गंगा प्याऊ, हसनपुर रोड, रेलवे स्टेशन और बस्ती स्थित शिवालयों में भी दिनभर दर्शन और जल चढ़ाने वालों की भीड़ लगी रही। चाकीखेड़ा स्थित मंदिर में सुबह पांच बजे तक हजारों श्रद्धालु पहुंच चुके थे।

मंदिर परिसरों में भक्तों की गूंज, मेले जैसा माहौल
चौबारा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरे दिन जलाभिषेक चलता रहा। शाम के समय खड़ी कांवड़ लेकर आए कांवड़ियों ने विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसरों में लगे मेलों में बच्चों और महिलाओं ने खरीदारी की और झूलों का आनंद लिया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय दिखा।

सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन सतर्क
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सीओ अंजलि कटारिया और प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

जिले के अन्य मंदिरों में भी उमड़ी आस्था
जिले के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। नगर के वासुदेव मंदिर, नौगावां सादात के गजस्थल मंदिर और मंडी धनौरा के पथरकुटी मंदिर में भी भक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.