अटारी बॉर्डर रिट्रीट सेरेमनी का समय बदला: अब शाम 5 बजे होगा आयोजन, जलियांवाला बाग लाइट एंड साउंड शो भी नए शेड्यूल पर

0 182

अमृतसर में मौसम में बदलाव के साथ प्रमुख पर्यटन स्थलों के समय में संशोधन किया गया है। अटारी बॉर्डर स्थित ज्वाइंट चेक पोस्ट पर आयोजित होने वाली रिट्रीट सेरेमनी और जलियांवाला बाग में होने वाले लाइट एंड साउंड शो के समय में बदलाव कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से जारी नए शेड्यूल के मुताबिक रिट्रीट सेरेमनी अब शाम 5 बजे शुरू होगी, जबकि लाइट एंड साउंड शो का समय एक घंटा आगे बढ़ा दिया गया है।

प्रोटोकॉल अफसर अरुण माहल ने जानकारी देते हुए बताया कि रिट्रीट सेरेमनी के समय में 30 मिनट का परिवर्तन किया गया है। सर्दियों के दौरान यह सेरेमनी शाम 4:30 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित होती थी। मौसम में बदलाव के मद्देनजर अब इसे शाम 5:00 बजे से 5:30 बजे तक किया गया है। यह निर्णय पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे नए समय के अनुसार ही बॉर्डर पर पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। बड़ी संख्या में पर्यटक प्रतिदिन इस समारोह को देखने पहुंचते हैं, ऐसे में समय की जानकारी होना जरूरी है।

इसी तरह जलियांवाला बाग में प्रतिदिन आयोजित होने वाले लाइट एंड साउंड शो के समय में भी संशोधन किया गया है। आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (एएसआई) के सीनियर कंजर्वेशन असिस्टेंट श्रीओम के अनुसार, अब पंजाबी भाषा में शो शाम 6:30 बजे से 7:00 बजे तक और हिंदी में 7:15 बजे से 7:45 बजे तक आयोजित होगा। इससे पहले पंजाबी शो 5:30 से 6:00 बजे और हिंदी शो 6:15 से 6:45 बजे तक होता था।

प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे नए समय के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.