AI इम्पैक्ट समिट के चलते दिल्ली में शाम छह घंटे ट्रैफिक अलर्ट, कई प्रमुख सड़कें रहेंगी बंद या डायवर्ट
नई दिल्ली। राजधानी में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के मद्देनज़र बुधवार शाम को यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। भारत मंडपम में चल रहे कार्यक्रम और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
शाम 4 से रात 10 बजे तक लागू रहेगी विशेष व्यवस्था
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस दौरान भारत मंडपम और उसके आसपास के इलाकों में कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा। सुरक्षा कारणों से वाहनों की आवाजाही सीमित की जाएगी, जिससे आम लोगों को असुविधा हो सकती है।
इन प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, जनपथ, विंडसर प्लेस, तीस जनवरी मार्ग, पृथ्वीराज रोड, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रह्मण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड (लोधी फ्लाईओवर से डॉ. दिनेश चंद्र डालमिया/भैरों मार्ग के बीच), शांति पथ, अफ्रीका एवेन्यू, सत्य मार्ग और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। सुझाए गए रूट्स में सैन मार्टिन मार्ग, पंचशील मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, अरबिंदो मार्ग, लोधी रोड, साउथ एवेन्यू रोड, वंदे मातरम मार्ग, बारापुला रोड, रिंग रोड, तिलक मार्ग, फिरोजशाह रोड, रफी मार्ग, पार्लियामेंट मार्ग और के. कामराज मार्ग शामिल हैं।
ट्रैफिक पुलिस की अपील, यात्रा पहले से करें प्लान
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं, अतिरिक्त समय लेकर निकलें और प्रभावित सड़कों से बचें। साथ ही, सड़क पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और लेन डिसिप्लिन बनाए रखें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।