YouTube। दुनिया का सबसे बड़ा वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब करीब एक घंटे तक ठप रहने के बाद अब सामान्य रूप से काम करने लगा है। कंपनी की ओर से बताया गया है कि वीडियो न दिखने और अकाउंट लॉगआउट जैसी समस्याओं के पीछे रिकमेंडेशन सिस्टम में आई तकनीकी खराबी मुख्य कारण रही। यूट्यूब की टीम ने पुष्टि की है कि होमपेज दोबारा दिखाई देने लगा है और धीरे-धीरे सभी सेवाएं पूरी तरह बहाल की जा रही हैं।
रिकमेंडेशन सिस्टम में आई तकनीकी गड़बड़ी
YouTube की आधिकारिक टीम TeamYouTube ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि रिकमेंडेशन सिस्टम में समस्या के कारण सभी प्लेटफॉर्म पर वीडियो दिखाई नहीं दे रहे थे। इसमें यूट्यूब होमपेज के साथ-साथ YouTube ऐप, YouTube Music और YouTube Kids भी शामिल थे। कंपनी के मुताबिक होमपेज अब फिर से दिखने लगा है, लेकिन पूरी तरह से समस्या को ठीक करने का काम अभी जारी है।
सुबह 6.42 बजे अचानक डाउन हुआ YouTube
मंगलवार सुबह करीब 6 बजकर 42 मिनट पर यूट्यूब अचानक डाउन हो गया। इस दौरान यूजर्स न तो वीडियो देख पा रहे थे और न ही अपने अकाउंट्स को सामान्य तरीके से एक्सेस कर पा रहे थे। कई यूजर्स ने शिकायत की कि उनके अकाउंट अपने आप लॉगआउट हो गए।
अमेरिका में लाखों यूजर्स प्रभावित
आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट DownDetector के मुताबिक अमेरिका में करीब 2.83 लाख से ज्यादा यूजर्स ने यूट्यूब से जुड़ी समस्याओं की रिपोर्ट की। आंकड़ों के अनुसार अमेरिका में 56 फीसदी यूजर्स को यूट्यूब ऐप पर, 21 फीसदी को वेबसाइट पर और 11 फीसदी को वीडियो स्ट्रीमिंग व अकाउंट लॉगआउट से जुड़ी दिक्कतें आईं।
भारत में भी वीडियो स्ट्रीमिंग ठप
भारत में भी बड़ी संख्या में यूजर्स यूट्यूब पर वीडियो नहीं देख पा रहे थे और अकाउंट अपने आप लॉगआउट हो रहे थे। डाउनडिटेक्टर के अनुसार सुबह 6 बजकर 47 मिनट तक 14,186 यूजर्स ने समस्या की शिकायत दर्ज कराई, जबकि सुबह 6.42 बजे तक कुल करीब 18,000 रिपोर्ट्स सामने आईं। भारत में दर्ज कुल शिकायतों में से 72 फीसदी यूट्यूब ऐप से जुड़ी थीं, 17 फीसदी वीडियो स्ट्रीमिंग और 11 फीसदी वेबसाइट एक्सेस से संबंधित थीं।
‘Something went wrong’ एरर से परेशान यूजर्स
कई यूजर्स ने बताया कि यूट्यूब ऐप खोलते समय उन्हें ‘something went wrong’ का एरर मैसेज दिखाई दे रहा था। यह समस्या सिर्फ मोबाइल ऐप तक सीमित नहीं रही, बल्कि वेबसाइट और टीवी ऐप पर भी यूजर्स को बार-बार लॉगिन करने के लिए कहा जा रहा था।
YouTube ने माना आउटेज, जांच जारी
यूट्यूब ने इस आउटेज को स्वीकार करते हुए कहा कि समस्या के कारणों की जांच की जा रही है। TeamYouTube ने एक्स पर लिखा कि अगर यूजर्स को यूट्यूब एक्सेस करने में परेशानी हो रही है तो वे अकेले नहीं हैं और कंपनी की टीमें इस मामले पर लगातार काम कर रही हैं।
Google Support से भी आया अपडेट
Google सपोर्ट पर YouTube Help की ओर से सुबह 7 बजकर 24 मिनट पर बताया गया कि कंपनी को इस समस्या की जानकारी है और जैसे ही नए अपडेट मिलेंगे, यूजर्स को सूचित किया जाएगा।