सूर्यकुमार के नाम बड़ी उपलब्धि, बने विश्व के सबसे सफल T20I कैप्टन, रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा
नई दिल्ली : सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने नीदरलैंड्स को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 36वें मुकाबले में 17 रनों से धूल चटाई। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप स्टेज में जीत का चौका लगाया और सुपर-8 में कदम रखा। सूर्यकुमार यादव के नाम इस जीत के साथ नया वर्ल्ड रिकॉर्ड (New world record.) दर्ज हो गया है। सूर्या के नाम अब T20I क्रिकेट के इतिहास में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा विन पर्सेंटेज का रिकॉर्ड है। इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पछाड़ दिया है। बता दें, भारत ने नीदरलैंड्स के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए 194 रनों का टारगेट रखा था, इस स्कोर का पीछा करते हुए नीदरलैंड्स की टीम 176 रन ही बना पाई। भारत की जीत के हीरो शिवम दुबे रहे, जिन्होंने तूफानी अर्धशतक जड़ने के साथ-साथ 2 विकेट भी चटकाए।
भारत के यह मैच जीतते ही सूर्यकुमार यादव का जीत का प्रतिशत 80.85 का हो गया है, जो पूर्व कप्तान रोहित शर्मा से 80.65 थोड़ा ही बेहतर है। सूर्यकुमार यादव ने अभी तक 47 मैचों में टीम इंडिया की अगुवाई की है, जिसमें से भारत 38 मैच जीता है, वहीं 7 में ही हार का सामना करना पड़ा है। वहीं बात रोहित शर्मा की करें तो, हिटमैन की अगुवाई में भारत 62 में से 50 मैच जीता था, जबकि 12 हारा था। वहीं बात अन्य भारतीय कप्तानों की करें तो एमएस धोनी का जीत का प्रतिशत 58.33 का था, जबकि विराट कोहली का 64 का।
T20I इंटरनेशनल इतिहास में कप्तान के तौर पर सबसे अच्छा जीत प्रतिशत:
सूर्यकुमार यादव – 80.85%.
रोहित शर्मा – 80.65%.
असगर अफगान – 80.39%
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का अभियान अभी तक शानदार रहा है। लगातार चार मैच जीतकर भारत सुपर-8 में पहुंच गया है। अब टीम इंडिया की नजरें सेमीफाइनल पर है। नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच जीतकर भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 12 मैच जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। भारत आखिरी बार 2022 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल हारा था। पिछले टी20 वर्ल्ड कप से भारत ने एक भी बार हार का मुंह नहीं देखा है। उम्मीद है कि इस वर्ल्ड कप में भी भारत को एक भी मैच ना हारना पड़े और टीम इंडिया अपने टाइटल को डिफेंड करने में कामयाब रहे।