स्कूल गेट पर दर्दनाक हादसा: प्रयागराज में डंपर से कुचलकर कक्षा 2 की छात्रा की मौत, इलाके में आक्रोश

0 42

नैनी थाना क्षेत्र के मीरजापुर मार्ग स्थित बेथनी कान्वेंट स्कूल के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। स्कूल जा रही कक्षा दो की छात्रा फलीशा (10) डंपर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

ब्रेक लगते ही सड़क पर गिरी, पीछे से आया डंपर
पुलिस के अनुसार, महेवा पश्चिम पट्टी निवासी फलीशा अपने मामा वली हाफिज के साथ बाइक से स्कूल जा रही थी। स्कूल के पास अचानक सामने कार आ जाने से बाइक चालक ने ब्रेक लगाया, जिससे बच्ची सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने उसे कुचल दिया और उसकी मौके पर ही जान चली गई।

चालक डंपर छोड़कर फरार
हादसे के बाद डंपर चालक कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर मौके से फरार हो गया। स्कूल गेट पर मौजूद अभिभावकों ने डंपर को घेर लिया, जिससे मीरजापुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की।

शव उठाने का विरोध, बाद में खुला जाम
गुस्साए लोगों ने पहले पुलिस को शव उठाने से रोक दिया, लेकिन अधिकारियों के समझाने पर भीड़ शांत हुई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और यातायात दोबारा चालू कराया गया।

ननिहाल में रह रही थी मासूम
फलीशा के पिता का पहले ही निधन हो चुका है, इसलिए वह ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.