गौतमबुद्धनगर में रोजगार का बड़ा मौका: 25 फरवरी को लगेगा रोजगार महोत्सव–2026, 2000 से ज्यादा वैकेंसी

0 63

गौतमबुद्धनगर। बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ के तहत जनपद गौतम बुद्ध नगर में 25 फरवरी 2026 को भव्य रोजगार महोत्सव–2026 का आयोजन किया जाएगा। यह वृहद जॉब फेयर जिला सेवायोजन कार्यालय के माध्यम से विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, विश्वेश्वरैया कैंपस, न्यू नोएडा जीटी रोड, दादरी में आयोजित होगा।

100 से अधिक कंपनियां, 2000 से ज्यादा पदों पर भर्ती

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री के अनुसार, रोजगार महोत्सव में 100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। इन कंपनियों की ओर से करीब 2000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। कार्यक्रम में 5000 से ज्यादा अभ्यर्थियों की भागीदारी की संभावना जताई गई है।

18 वर्ष से ऊपर के अभ्यर्थी ले सकते हैं भाग

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। आठवीं, दसवीं, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक, बीबीए, एमबीए, फार्मेसी समेत स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्रीधारी अभ्यर्थी इसमें हिस्सा ले सकते हैं।

ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य, कोई शुल्क नहीं

इच्छुक अभ्यर्थी rojgarsangam.up.gov.in पोर्टल या उपलब्ध क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। मेले में शामिल होने के लिए बायोडाटा, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और पंजीकरण पर्ची (प्रिंट या डिजिटल) साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोजन पूर्णतः निःशुल्क है और किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

देश की बड़ी कंपनियां होंगी शामिल

रोजगार महोत्सव–2026 में कई नामी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, जिनमें Samsung, Axis Bank, HCL Technologies, G4S, Tata Consultancy Services, Vivo, Radisson Blu, Uflex, Tech Mahindra, Crowne Plaza, KRBL Limited, Denso, Lava International, Oppo, New Holland Agriculture समेत लगभग 100 प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि समय रहते पंजीकरण कर इस रोजगार महोत्सव में भाग लें और अपने करियर को नई दिशा दें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.