नई दिल्ली। मुंबई‑पुणे एक्सप्रेसवे पर इस महीने की शुरुआत में हुए बड़े हादसे के बाद घंटों जाम में फंसे वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम ने घोषणा की है कि प्रभावित करीब एक लाख वाहन मालिकों को कुल 5.16 करोड़ रुपये का टोल रिफंड दिया जाएगा।
33 घंटे तक लगा रहा था लंबा जाम
3 फरवरी को खोपोली इलाके में गैस टैंकर पलटने से एक्सप्रेसवे पर भीषण ट्रैफिक जाम लग गया था। करीब 33 घंटे तक यातायात बाधित रहा और कई किलोमीटर लंबी कतारों में वाहन फंसे रहे। इस दौरान यात्रियों को पानी, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ा।
FASTag अकाउंट में सीधे आएगा पैसा
अधिकारियों के अनुसार हादसे के बाद तुरंत टोल वसूली रोकने का आदेश जारी किया गया था, लेकिन आदेश लागू होने से पहले कई वाहनों से टोल कट चुका था। अब तय किया गया है कि ऐसे सभी ट्रांजैक्शन की पहचान कर रकम संबंधित वाहन मालिकों के FASTag खातों में सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
दोनों दिशाओं के टोल शामिल
निगम ने टोल ऑपरेटर से विस्तृत ट्रांजैक्शन डेटा मांगा है ताकि उस अवधि में कटे सभी टोल की जांच की जा सके। आदेश जारी होने के बाद भी ऑटोमैटिक प्रोसेस हुए भुगतान भी रिफंड में शामिल किए जाएंगे।
प्रशासनिक समीक्षा के बाद फैसला
वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, जाम की गंभीरता और यात्रियों की परेशानी को देखते हुए समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रभावित लोगों को आर्थिक राहत दी जाए। रिफंड प्रक्रिया अगले कुछ दिनों में पूरी कर ली जाएगी।