PNB Recruitment 2026: 5138 अप्रेंटिस पदों के लिए आवेदन की आज आखिरी तारीख, तुरंत करें अप्लाई नहीं तो चूक जाएगा मौका
नई दिल्ली। बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रहे ग्रेजुएट युवाओं के लिए बड़ी खबर है। Punjab National Bank में अप्रेंटिसशिप के 5138 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन की आज यानी 24 फरवरी आखिरी तारीख है। जिन उम्मीदवारों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, वे तुरंत आधिकारिक वेबसाइट bfsissc.com पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर लें। आज के बाद एप्लीकेशन विंडो बंद कर दी जाएगी।
देशभर में 5138 पदों पर होगी नियुक्ति
इस भर्ती अभियान के जरिए पंजाब नेशनल बैंक देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कुल 5138 अप्रेंटिस पदों को भरेगा। श्रेणीवार पदों का विवरण इस प्रकार है— जनरल वर्ग के लिए 2383 पद, ओबीसी के लिए 1110 पद, ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 464 पद, एससी के लिए 887 पद और एसटी वर्ग के लिए 294 पद आरक्षित हैं।
कैटेगरी के अनुसार तय की गई आवेदन फीस
आवेदन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य है। फीस जमा होने के बाद ही फॉर्म स्वीकार किया जाएगा। जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 944 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं एससी, एसटी और महिला अभ्यर्थियों के लिए फीस 708 रुपये तय की गई है। दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को 472 रुपये का भुगतान करना होगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले bfsissc.com पर जाएं।
होम पेज पर ‘Employment Opportunities’ सेक्शन में जाकर ‘Apprentice’ और फिर ‘PNB’ का चयन करें।
भर्ती से जुड़े आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
‘Login 1st time’ पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करें।
आवश्यक विवरण भरकर आवेदन फॉर्म पूरा करें।
अपनी श्रेणी के अनुसार निर्धारित शुल्क का भुगतान करें।
अंत में फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।
पात्रता और आयु सीमा क्या है?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का भारत के किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से ग्रेजुएट होना अनिवार्य है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
ऐसे में जो अभ्यर्थी बैंकिंग सेक्टर में अनुभव के साथ करियर की शुरुआत करना चाहते हैं, उनके लिए यह सुनहरा अवसर है। समय कम है, इसलिए बिना देरी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।