चतरा एयर एंबुलेंस हादसा: 7 शव सदर अस्पताल पहुंचे, दिल्ली इलाज के लिए जा रहे होटल कारोबारी समेत सभी की मौत
चतरा। सोमवार रात हुए भीषण एयर एंबुलेंस हादसे में जान गंवाने वाले सातों लोगों के शव मंगलवार सुबह सदर अस्पताल पहुंचते ही पूरा माहौल गमगीन हो गया। अस्पताल परिसर में जैसे ही एंबुलेंस पहुंची, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल दहल उठा। प्रशासन ने पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल टीम का गठन कर दिया है और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की मौजूदगी में सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
अस्पताल में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पायलट से लेकर मरीज और पत्नी तक, सातों की गई जान
इस दर्दनाक हादसे में पायलट, सह-पायलट, चिकित्सक, मेडिकल कर्मी, मरीज और उसकी पत्नी सहित कुल सात लोगों की मौत हुई है। मृतकों में डॉ. विकास कुमार भी शामिल हैं, जो औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मैनका गांव के निवासी थे। उनकी प्रारंभिक शिक्षा चतरा में ही हुई थी, जिससे स्थानीय लोगों में शोक की लहर और गहरी हो गई है।
शॉर्ट सर्किट में झुलसे थे होटल कारोबारी, दिल्ली ले जाया जा रहा था
मृतकों में संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना कुमारी और भतीजा ध्रुव कुमार भी शामिल हैं। संजय कुमार मूल रूप से लातेहार जिले के चंदवा के रहने वाले थे और डाल्टनगंज के सतबरवा में होटल का संचालन करते थे।
बताया गया है कि 16 फरवरी को शॉर्ट सर्किट की घटना में झुलसने के बाद उनका इलाज रांची के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। हालत गंभीर होने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।
अर्चना कुमारी का मायका चतरा सदर प्रखंड के बरैनी गांव में है। वर्ष 2008 में दोनों की शादी हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से अब माता-पिता का साया उठ गया है।
लातेहार के रहने वाले थे कैप्टन
हादसे में कैप्टन विवेक विकास भगत और को-पायलट सवरदीप सिंह की भी मौत हो गई। कैप्टन भगत लातेहार जिले के डीहीमुरप गांव के निवासी थे। उनके पिता देव सहाय भगत चतरा में ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं।
शवों के अस्पताल पहुंचते ही चारों ओर करुण क्रंदन का माहौल बन गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने जताया शोक
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपई सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि क्रैश की खबर से वह बेहद आहत हैं और विमान में सवार सभी मृतकों के लिए प्रार्थना करते हैं। साथ ही उन्होंने दिवंगतों के परिजनों को इस कठिन समय में साहस देने की कामना की।
यह हादसा एक जीवन बचाने की कोशिश के बीच हुआ और अब पूरे क्षेत्र में यही सवाल गूंज रहा है कि आखिर यह दुर्घटना कैसे हुई।