होली से पहले गौतम बुद्ध नगर में सख्ती, खाद्य विभाग का छापा—3 नमूने जांच को भेजे, 200 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट

0 20

गौतम बुद्ध नगर में आगामी होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टीमों ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। विभाग का उद्देश्य साफ है—त्योहार पर लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना।

अभियान के तहत सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने तड़के कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और सय्यद इबादुल्लाह की टीम ने तिलपता, ग्रेटर नोएडा स्थित चौधरी पनीर भंडार पर छापा मारा। यहां लगभग 200 किलोग्राम पनीर पाया गया, जो प्रथम दृष्टया प्रदूषित एवं मिलावटी प्रतीत हुआ। टीम ने पनीर का एक नमूना जांच के लिए लिया और शेष पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. पांडेय और ओ.पी. सिंह की टीम ने सेक्टर-45, नोएडा स्थित गणेश्वरम रेस्टोरेंट से खोया का एक नमूना संग्रहित किया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर-93, नोएडा स्थित गोपाला स्वीट से भी खोया का एक नमूना लिया। इस प्रकार कुल तीन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके और त्योहार सुरक्षित व स्वस्थ वातावरण में मनाया जा सके।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.