होली पर यात्रियों को राहत: लालकुआं से कोलकाता और किशनगंज के लिए दो स्पेशल ट्रेनें, लखीमपुर-मैलानी को मिला ठहराव
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी सहित तराई क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। होली के बाद ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने लालकुआं से कोलकाता और किशनगंज के लिए एक-एक जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन का नोटिफिकेशन जारी किया है। ये ट्रेनें सप्ताह में एक-एक दिन, कुल चार हफ्तों तक चलाई जाएंगी।
5 मार्च से शुरू होगा संचालन, चार-चार फेरे लगाएंगी ट्रेनें
लालकुआं से कोलकाता जाने वाली होली स्पेशल ट्रेन संख्या 05060 का संचालन 5 मार्च से 25 मार्च के बीच किया जाएगा। वहीं कोलकाता से लालकुआं के लिए ट्रेन संख्या 05059 चार फेरों में चलेगी।
इसी तरह किशनगंज से लालकुआं के लिए ट्रेन संख्या 05741 का संचालन 5 मार्च (गुरुवार) से 26 मार्च तक किया जाएगा, जबकि लालकुआं से किशनगंज के लिए ट्रेन संख्या 05742 का संचालन 6 मार्च (शुक्रवार) से 27 मार्च तक चार-चार फेरों में होगा।
चार मार्च को होली का पर्व मनाया जाएगा। त्योहार पर घर आए लोगों की वापसी को लेकर ट्रेनों में भारी भीड़ है और अधिकांश गाड़ियों में सीटें फुल चल रही हैं। ऐसे में इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
लखीमपुर और मैलानी को मिला ठहराव
लालकुआं से कोलकाता जाने वाली होली स्पेशल ट्रेन 5 मार्च को दोपहर 1:35 बजे लालकुआं से रवाना होकर शाम 6:20 बजे मैलानी पहुंचेगी। यहां से 6:30 बजे प्रस्थान कर 6:55 बजे गोला गोकर्णनाथ और 7:42 बजे लखीमपुर पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सीतापुर और गोंडा होते हुए अगले दिन कोलकाता पहुंचेगी।
वापसी में कोलकाता से 7 मार्च को चलकर ट्रेन गोंडा और सीतापुर होते हुए सुबह 8:40 बजे लखीमपुर, 9:12 बजे गोला और 10:10 बजे मैलानी पहुंचेगी।
किशनगंज स्पेशल का अलग रूट, कुछ स्टेशनों पर नहीं रुकेगी
दूसरी होली स्पेशल ट्रेन 5 मार्च को किशनगंज से चलकर अगले दिन सुबह 11:15 बजे मैलानी जंक्शन पहुंचेगी। वहीं 6 मार्च को लालकुआं से रवाना होकर यह ट्रेन रात 1 बजे मैलानी पहुंचेगी।
हालांकि इस स्पेशल ट्रेन का गोला और लखीमपुर रेलवे स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा। मैलानी से यह ट्रेन सीधे सीतापुर, गोंडा और गोरखपुर होते हुए किशनगंज तक जाएगी।
रेल प्रशासन का कहना है कि होली के बाद यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।