यामाहा का सराहनीय सहयोग: राजकीय बाल गृह बालिका नोएडा को मिली नई बस, DM ने विधिवत पूजन कर किया सुपुर्द
गौतम बुद्ध नगर: आज यामाहा मोटर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सी0एस0आर0 के तहत राजकीय बाल गृह बालिका, सेक्टर-62 नोएडा की बालिकाओं के लिए विद्यालय आने-जाने हेतु एक बस डोनेट की गई है। उक्त बस महिला कल्याण विभाग को प्रदान की गई, जिससे बालिकाओं की शिक्षा तक सुरक्षित, सुगम एवं नियमित पहुंच सुनिश्चित हो सके।

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर ने विधिवत् पूजा-अर्चना कर तथा रिबन काटकर बस को राजकीय बाल गृह बालिका, सेक्टर-62 के लिए सुपुर्द किया। जिलाधिकारी ने संस्था की बालिकाओं हेतु यामाहा के इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस सराहनीय पहल से बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में अब अधिक सुविधा और सुरक्षा प्राप्त होगी। यह सहयोग न केवल उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि उनके आत्मविश्वास, सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, संरक्षण अधिकारी विभा त्रिपाठी, बाल गृह की अधीक्षिका सहित यामाहा कंपनी से विनायक गुप्ता, कौशल कुमार तिवारी, श्यामलाल कुमार आचार्य उपस्थित रहे।