होली से पहले एक्शन मोड में प्रशासन: 650 किलो संदिग्ध पनीर जब्त कर नष्ट, कई जगहों से लिए गए नमूने

0 27

गौतम बुद्ध नगर में आगामी होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपदवासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।

यमुना एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर बड़ी कार्रवाई, 650 किलो पनीर नष्ट

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 26/27 फरवरी की देर रात यमुना एक्सप्रेसवे जेवर टोल प्लाजा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ.पी. सिंह और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने पुलिस के सहयोग से एक वाहन को रोका, जो पूठपुरा उजावली, फतेहाबाद आगरा स्थित होरी लाल की डेयरी से “शुद्ध गढ़वाल डेयरी”, पहाड़गंज नई दिल्ली को पनीर की सप्लाई लेकर जा रहा था।

वाहन संख्या UP 83DT1138 से ले जाए जा रहे पनीर की जांच के दौरान प्रथम दृष्टया उसका स्वाद कसैला पाया गया। साथ ही पनीर के मिलावटी होने और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में भंडारण की आशंका सामने आई। टीम ने पनीर का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया और लगभग 650 किलोग्राम पनीर को मौके पर ही विनष्ट करा दिया।

जेवर, नोएडा और दादरी में भी सैंपलिंग अभियान

खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा और एस.के. पांडेय की टीम ने टप्पल रोड, जेवर स्थित गणपत ट्रेडर्स से सरसों के तेल का एक नमूना लिया। इसी टीम ने गिझोड़ सेक्टर-53 स्थित बी.के.एस. ट्रेडर्स से नमकीन का एक नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया।

वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और सय्यद इबादुल्लाह की टीम ने दादरी स्थित सुगन एग्रो फूड्स से सरसों के तेल का एक नमूना लिया। इस तरह कुल चार नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

त्योहार तक जारी रहेगा अभियान

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। विभाग की प्राथमिकता है कि त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप हों और आम जनता को किसी प्रकार का मिलावटी या अस्वास्थ्यकर सामान न मिले।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि त्योहार के मद्देनजर मिलावटखोरों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.