भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक और विचारप्रधान फिल्म ‘शतक: संघ के 100 साल’ को राज्य में टैक्स फ्री करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस संबंध में घोषणा करते हुए कहा कि फिल्म राष्ट्रसेवा, संस्कार और संगठित विचार की परंपरा को सशक्त रूप में प्रस्तुत करती है।
सरकार के इस फैसले से दर्शकों को सस्ती टिकट दरों का लाभ मिलेगा, वहीं सिनेमा हॉल संचालकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
सीएम ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि हिंदी फिल्म ‘शतक’ को पूरे मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री किया गया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म राष्ट्रसेवा और संस्कारों की उस परंपरा को दर्शाती है, जिसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने दशकों से जीवित रखा है।
सीएम के मुताबिक, फिल्म यह संदेश देती है कि संगठित विचार, चरित्र और सेवा भाव से ही सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। उनके इस निर्णय की आम लोगों ने सराहना की है।
आरएसएस के 100 साल पर आधारित है फिल्म
‘शतक: संघ के 100 साल’ का निर्माण वीर कपूर ने किया है, जबकि निर्देशन आशीष मल्ल ने संभाला है। यह फिल्म 20 फरवरी को रिलीज हुई थी।
फिल्म में वर्ष 1925 में आरएसएस की स्थापना से लेकर उसके 100 वर्षों के इतिहास और विचारधारा को दिखाया गया है। इसमें संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार और एम एस गोलवलकर के योगदान को भी दर्शाया गया है।
मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री होने के बाद अब फिल्म के दर्शकों की संख्या में इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है।