CleanTech सेक्टर में नौकरियों की बंपर बढ़ोतरी, 2 साल में 57% उछाल; 44% भर्ती सिर्फ दिल्ली-एनसीआर में
भारत में क्लीन एनर्जी टेक्नोलॉजी यानी क्लीनटेक सेक्टर तेजी से रोजगार का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक मजबूत सरकारी नीतियों और ग्रीन एनर्जी में बढ़ते निवेश के कारण पिछले दो साल में इस सेक्टर में भर्तियां 56.6% तक बढ़ी हैं। एचआर कंपनी CIEL HR की रिपोर्ट बताती है कि क्लीनटेक अब देश के सबसे तेजी से बढ़ते रोजगार क्षेत्रों में शामिल हो चुका है। हाल के महीनों में बढ़ोतरी की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर हुई है, लेकिन सेक्टर की स्थिति अब भी मजबूत बनी हुई है। कर्मचारियों की संख्या में सालाना 13.4% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो लगातार विस्तार का संकेत है।
किन पदों पर बढ़ी मांग
क्लीनटेक सेक्टर में तकनीकी और संचालन से जुड़े पदों पर ज्यादा भर्ती हो रही है। डिजाइन इंजीनियर, प्रोसेस इंजीनियर, प्रोडक्शन इंजीनियर, ऑपरेशंस मैनेजर और मेंटेनेंस मैनेजर जैसे पदों की मांग बढ़ी है। यह रिपोर्ट देश की 55 क्लीनटेक कंपनियों के आंकड़ों पर आधारित है। इससे साफ है कि कंपनियों को प्रशिक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत लोगों की जरूरत है।
दिल्ली-एनसीआर में सबसे ज्यादा मौके
रिपोर्ट के अनुसार कुल नौकरी के अवसरों में 44% हिस्सेदारी सिर्फ दिल्ली-एनसीआर की है। टियर-2 और टियर-3 शहरों में 30% भर्तियां हुई हैं। वहीं मुंबई में 9%, बेंगलुरु में 6%, पुणे में 5% और अन्य मेट्रो शहरों में 6% मौके दर्ज किए गए हैं। इससे पता चलता है कि बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे शहरों में भी क्लीनटेक सेक्टर बढ़ रहा है।
स्किल की कमी बनी चुनौती
भारत में हर साल 10 लाख से ज्यादा इंजीनियरिंग ग्रेजुएट पास होते हैं, लेकिन उनकी स्किल्स अभी रिन्यूएबल एनर्जी सिस्टम, स्टोरेज टेक्नोलॉजी और ग्रिड इंटीग्रेशन जैसी नई तकनीकों के मुताबिक पूरी तरह तैयार नहीं हैं। इसी वजह से इस सेक्टर में स्किल गैप की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा महिलाओं की भागीदारी भी कम है। कुल कर्मचारियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 11% है, जबकि नेतृत्व पदों पर यह आंकड़ा 15% है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
CIEL HR के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ आदित्य नारायण मिश्रा का कहना है कि भारत का क्लीनटेक सेक्टर देश की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार दे सकता है। लेकिन टैलेंट की कमी, स्किल गैप और महिलाओं की कम भागीदारी जैसी चुनौतियों पर ध्यान देना जरूरी है।
वेतन भी बढ़ रहा है
रिपोर्ट के मुताबिक क्लीनटेक सेक्टर में 48% पदों पर सालाना वेतन 10 लाख रुपये या उससे ज्यादा है। वहीं आईटी सेक्टर में यह आंकड़ा करीब 40% है। यानी इस क्षेत्र में बेहतर वेतन के भी अच्छे मौके मिल रहे हैं। अगर कंपनियां स्किल डेवलपमेंट और बेहतर कार्य माहौल पर ध्यान दें, तो आने वाले समय में यह सेक्टर भारत के लिए बड़ा रोजगार अवसर बन सकता है।