अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर गौतमबुद्धनगर में ASMITA लीग के तहत खेल प्रतियोगिताएं, बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं ने दिखाया दमखम
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने तथा उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ASMITA लीग के अंतर्गत जिला खेल स्टेडियम मलकपुर (सूरजपुर) में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह आयोजन माय भारत, गौतम बुद्ध नगर द्वारा खेल कार्यालय और शिक्षा विभाग के समन्वय से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
दौड़, बैडमिंटन और रस्साकसी में दिखा प्रतिभागियों का उत्साह
कार्यक्रम के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ-साथ बैडमिंटन तथा रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में अंडर 13 वर्ष, 13 से 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतिभागियों ने भाग लिया। सभी वर्गों में प्रतिभागियों ने पूरे जोश और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ हिस्सा लेकर खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

100 मीटर दौड़ में इन प्रतिभागियों ने हासिल की जीत
100 मीटर दौड़ में अंडर 13 वर्ष वर्ग में शिरीन, मिसबह और अल्फिजा ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 13 से 18 वर्ष वर्ग में अस्मा, आभा और भावना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किए। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मोनिका, आस्था और जानवी ने शानदार दौड़ लगाते हुए विजेता स्थान प्राप्त किया।
200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में भी प्रतिभागियों का शानदार प्रदर्शन
200 मीटर दौड़ में संजना, मिज़रह, शाहजहाँ, नयाशा, सोनी, भूमि, मोनिका, मानसी और सुहाना ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं 400 मीटर दौड़ में आयशा, इकरा, अस्मीन, श्रेष्ठा, सोनिया, सेजल, मोनिका, ऋतिका और हर्षिता ने शानदार प्रदर्शन कर अपने-अपने वर्ग में विजेता स्थान प्राप्त किया।

विजेताओं को मेडल, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजेता प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर युवा कल्याण एवं पीआरडी अधिकारी महिपाल सिंह ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और खेल गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिला शिक्षिकाओं और महिला कोचों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
अधिकारियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान माय भारत के उप निदेशक शिवेंद्र सिंह ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए लीग में सक्रिय भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जिला खेल विभाग के सहयोग की सराहना भी की। कार्यक्रम में फरमूद अख्तर, दिनेश, अंजुम, सुमित, विजय और बालचंद्र सहित कई गणमान्य लोग तथा खेल प्रेमी उपस्थित रहे।