चित्रकूट में दिल दहला देने वाली घटना: मां ने डेढ़ साल के बेटे को सीने से लगाकर लगाई आग, मासूम की मौत; बचाने में पति भी गंभीर रूप से झुलसा

0 21

चित्रकूट शहर के सदर बाजार क्षेत्र में मिशन रोड पर सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने अपने डेढ़ वर्षीय बेटे को सीने से लगाकर शरीर पर थिनर डालकर आग लगा ली। आग की लपटों में मासूम गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौत हो गई, जबकि बच्चे को बचाने के प्रयास में पति भी बुरी तरह झुलस गया। घायल दंपती को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया गया है।

घरेलू विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के अनुसार पुरानी बाजार निवासी मेघराज अमरनानी का 37 वर्षीय पुत्र लेखराज अमरनानी अपनी 34 वर्षीय पत्नी कोमल उर्फ चांदनी और डेढ़ वर्षीय बेटे गर्व के साथ मिशन रोड स्थित किराए के मकान में रहता था। सोमवार रात करीब दो बजे किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित कोमल ने बच्चे को सीने से लगाकर घर में रखा थिनर अपने ऊपर डाल लिया और आग लगा ली।

बेटे को बचाने दौड़ा पिता, खुद भी झुलसा

आग लगने के बाद महिला और बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पति लेखराज मौके पर पहुंचा। उसने बच्चे को मां की गोद से छीनकर बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक मासूम गंभीर रूप से झुलस चुका था। इस दौरान आग बुझाने की कोशिश में लेखराज भी बुरी तरह झुलस गया।

पड़ोसियों ने बुझाई आग, अस्पताल पहुंचाया

दंपती की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खुला था। पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई और तीनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे गर्व को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे दंपती को प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्याम प्रताप पटेल के अनुसार घरेलू विवाद के कारण यह घटना हुई है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

दोनों की थी दूसरी शादी

परिजनों के अनुसार लेखराज और कोमल दोनों की यह दूसरी शादी थी। दोनों की पहली शादी टूट चुकी थी, जिसके बाद करीब दो वर्ष पहले उनका विवाह हुआ था। कुछ घरेलू कारणों से दंपती अलग किराए के मकान में रह रहे थे।

बताया गया कि हाल ही में उन्होंने शहर में जमीन खरीदकर नया घर बनाने के लिए भूमि पूजन भी किया था। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.