नालंदा में प्रेम प्रसंग बना सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा, ईंट से युवती का सिर फोड़ने का आरोप; सिंदूर को लेकर दोनों पक्षों में अलग-अलग दावे
बिहारशरीफ के सोहसराय थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एनएच-20 के किनारे एक होटल के पास युवक और युवती के बीच विवाद सड़क पर आ गया। आरोप है कि युवक ने अपनी कथित प्रेमिका का ईंट से सिर फोड़ दिया। सड़क पर हो रही मारपीट देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और युवक को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही युवती के परिजन भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
दोनों के बीच लंबे समय से चल रहा था प्रेम संबंध
बताया जा रहा है कि युवक दीपनगर थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि युवती सिलाव थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। युवती का दावा है कि दोनों दूर के रिश्तेदार हैं और कई वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं। उसके अनुसार परिवार की सहमति से दोनों की शादी भी तय हो गई थी।
दहेज की मांग के बाद शादी से इनकार का आरोप
युवती के मुताबिक फरवरी में युवक ने उसे मिलने के लिए राजगीर बुलाया था। वहां उसने दहेज की मांग करते हुए शादी से इनकार कर दिया। इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत जारी रही। युवती ने बताया कि मंगलवार को युवक ने फिर मिलने के लिए सोहसराय के एक होटल में बुलाया, जहां कमरे में दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुई।
ईंट से सिर फोड़ने का लगाया आरोप
युवती का कहना है कि जब युवक रिश्ता खत्म कर वहां से जाने लगा तो उसने उसके पैर पकड़कर शादी करने की गुहार लगाई। इसी दौरान युवक गुस्से में आ गया और पास में पड़ी ईंट से उसका सिर फोड़ दिया, जिससे वह घायल हो गई।
युवक ने आरोपों को बताया गलत
वहीं युवक ने युवती के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि युवती के परिजन उस पर जबरन शादी का दबाव बना रहे हैं। उसका कहना है कि मंगलवार को जब वह उससे मिलने पहुंचा तो युवती हाथ में सिंदूर की डिब्बी लेकर आई थी और जबरन उसकी मांग भरवाने की कोशिश कर रही थी। युवक का आरोप है कि जब वह वहां से निकलकर जा रहा था तो युवती ने उसे फंसाने के इरादे से खुद ही पास में रखी ईंट से अपना सिर फोड़ लिया।
पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने के बाद सोहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश ने बताया कि अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।