हल्द्वानी में गैस सिलिंडर की किल्लत से लोग परेशान, चार दिन से नहीं मिली सप्लाई; पिता रहे भूखे, बच्चों को खिलाने पड़े चाऊमीन-मोमो

0 28

हल्द्वानी में रसोई गैस की कमी ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कई उपभोक्ताओं को चार-चार दिन बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। हालात ऐसे हैं कि घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है और लोगों को मजबूरी में बाहर का सहारा लेना पड़ रहा है।

गैस खत्म हुई तो बच्चों को बाहर का खाना खिलाना पड़ा

स्थानीय निवासी रमेश सुयाल ने बताया कि उन्होंने चार दिन पहले गैस सिलिंडर बुक कराया था, लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हुई है। मंगलवार सुबह जब वह खाना बना रहे थे तभी गैस खत्म हो गई। ऐसे में उन्हें अपने बच्चों को चाऊमीन और मोमो खिलाने पड़े।

उन्होंने बताया कि इन दिनों उनकी माता जी की बरसी चल रही है, इसलिए वह खुद बाहर का खाना नहीं खा सकते। गैस सिलिंडर कब मिलेगा, इसकी भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।

होटल और रेस्तरां कारोबार भी प्रभावित होने की आशंका

रमेश सुयाल अकेले ऐसे उपभोक्ता नहीं हैं जिन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है। शहर के कई घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और रेस्तरां संचालकों को भी व्यावसायिक सिलिंडर मिलने में परेशानी हो रही है। इससे पर्यटन गतिविधियों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

जिले में लगभग 3.60 लाख घरेलू और 8,146 व्यावसायिक गैस कनेक्शन हैं। वहीं 2500 से अधिक पंजीकृत होटल और रेस्तरां में रोजाना करीब 700 व्यावसायिक सिलिंडरों की आवश्यकता होती है। ऐसे में यदि व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण इस जिले में बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।

व्यावसायिक सिलिंडर नहीं मिलने से बढ़ी मुश्किलें

मंगलवार को कई होटल और रेस्तरां संचालकों को 19 किलो वाले व्यावसायिक सिलिंडर नहीं मिल पाए। उनका कहना है कि गैस वितरक कंपनियां व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति करने में असमर्थ हैं, जिसके कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है।

खासकर जिन होटलों और रेस्तरां में पहले से पार्टी या अन्य कार्यक्रमों की बुकिंग थी, वहां रसोई संचालन के लिए तंदूर की संख्या बढ़ानी पड़ी, ताकि किसी तरह काम चलाया जा सके।

बुकिंग नंबर भी बंद, उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी

उधर कई घरेलू उपभोक्ताओं ने बताया कि इंडेन गैस का बुकिंग नंबर अस्थायी रूप से बंद आ रहा है, जिससे सिलिंडर बुक करना भी मुश्किल हो गया है। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग कराने के बावजूद चार दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.