राजस्थान में मार्च में ही मई जैसी तपिश, कई शहरों में पारा 40 पार; मौसम विभाग ने बताई राहत की तारीख

0 26

राजस्थान में इस बार होली से पहले ही गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर पहुंच गया है, जिससे मार्च के महीने में ही मई जैसी भीषण गर्मी का अहसास होने लगा है। लगातार तीसरे दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को दिन के समय घर से निकलना मुश्किल हो रहा है।

बाड़मेर रहा सबसे गर्म, 40.6 डिग्री पहुंचा तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह लगातार दूसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सीकर जिले के फतेहपुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आर्द्रता का स्तर 10 से 30 प्रतिशत के बीच रहा, जिससे वातावरण में सूखापन बढ़ गया है और लू जैसी स्थिति बनने लगी है।

कई शहरों में 38 से 39 डिग्री तक पहुंचा पारा

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान काफी अधिक दर्ज किया गया। पिलानी में 39.2 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 39.0 डिग्री, चूरू में 38.7 डिग्री, जोधपुर में 38.6 डिग्री और जैसलमेर में 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

इसके अलावा बीकानेर में 38.2 डिग्री, दौसा में 38.0 डिग्री, कोटा में 37.9 डिग्री, फतेहपुर में 37.8 डिग्री और डूंगरपुर में 37.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जयपुर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री, जालौर में 37.4 डिग्री और श्रीगंगानगर में 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

अजमेर और झुंझुनूं में 37.0 डिग्री, करौली में 36.8 डिग्री, जबकि अलवर, सीकर, नागौर और सिरोही में लगभग 36 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भीलवाड़ा में 35.0 डिग्री और माउंट आबू में 30.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।

दक्षिण-पश्चिमी जिलों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार अगले 48 घंटों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। बुधवार को राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों, खासकर जोधपुर और बाड़मेर संभाग में भीषण उष्ण लहर चलने का अनुमान जताया गया है।

प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

14-15 मार्च को बारिश से मिल सकती है राहत

भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने जल्द राहत मिलने की संभावना भी जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार 14 मार्च को उत्तर भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।

इसका असर 14 और 15 मार्च को राजस्थान के कई हिस्सों में दिखाई दे सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी और बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग ने 14 मार्च को प्रदेश के 19 जिलों में बारिश और ओले गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि उससे पहले बुधवार को दो जिलों में हीटवेव की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.