LPG किल्लत की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त होंगे सीएम योगी, कालाबाजारी और फेक खबरों पर कार्रवाई के निर्देश
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जारी टकराव का असर वैश्विक तेल और गैस सप्लाई चेन पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। भारत भी इस स्थिति को लेकर सतर्क है। हालांकि देश में फिलहाल तेल और गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है, लेकिन संभावित संकट की चर्चाओं के कारण बाजार में घबराहट का माहौल बनता दिखाई दे रहा है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में गैस और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी रहे।
कालाबाजारी और अफवाहों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि गैस और तेल की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर किल्लत की झूठी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय और जिला स्तर पर सोशल मीडिया सेल को सक्रिय कर दिया गया है, ताकि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फैल रही अफवाहों पर नजर रखी जा सके।
अवैध भंडारण पर होगी कार्रवाई
राज्य सरकार ने जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। गैस एजेंसियों और संबंधित दुकानों की नियमित जांच करने को कहा गया है। यदि कहीं गैस या तेल का अवैध भंडारण पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर बढ़ाई गई निगरानी
सरकार ने सभी जिलों की पुलिस को पेट्रोल पंपों के आसपास विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा आपूर्ति विभाग और जिला प्रशासन को गैस एजेंसियों और तेल डिपो का औचक निरीक्षण करने को कहा गया है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।