धनबाद। धनबाद और भुवनेश्वर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। इस रूट पर चलने वाली स्पेशल ट्रेन को अब नियमित ट्रेन के रूप में चलाने की मंजूरी मिल गई है। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन से ‘स्पेशल’ का टैग हटाने को हरी झंडी दे दी है। इसके साथ ही ट्रेन का किराया करीब 25 प्रतिशत तक कम हो जाएगा, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
कोरोना काल के दौरान धनबाद-भुवनेश्वर गरीब रथ के बंद होने के बाद इस ट्रेन को दोबारा शुरू किया गया था, लेकिन इसे स्पेशल ट्रेन के रूप में ही चलाया जा रहा था। तब से अब तक इस ट्रेन के फेरे लगातार स्पेशल के रूप में ही बढ़ाए जाते रहे हैं।
करीब पांच साल बाद बनेगी नियमित ट्रेन
फिलहाल यह ट्रेन होली स्पेशल के रूप में संचालित हो रही है और इसके फेरे एक अप्रैल तक बढ़ाए गए हैं। लगभग पांच साल बाद अब इस ट्रेन को नियमित ट्रेन के रूप में चलाने की तैयारी पूरी हो गई है। इससे यात्रियों को किराए में राहत के साथ-साथ संचालन में भी स्थिरता मिलने की उम्मीद है।
भोपाल में हुई बैठक में मिला था प्रस्ताव को समर्थन
जनवरी में भोपाल में आयोजित इंडियन रेलवे टाइम टेबल कॉन्फ्रेंस में धनबाद-भुवनेश्वर स्पेशल ट्रेन को नियमित ट्रेन बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इसके करीब दो महीने बाद रेलवे बोर्ड ने भी इस प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति दे दी है।
एक अप्रैल के बाद नियमित रूप से चलने की संभावना
रेलवे की ओर से पहले ही अधिसूचना जारी की जा चुकी है, जिसके अनुसार यह ट्रेन भुवनेश्वर से 31 मार्च और धनबाद से एक अप्रैल तक स्पेशल ट्रेन के रूप में चलेगी। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि एक अप्रैल के बाद यह ट्रेन नियमित रूप से संचालित होने लगेगी। इसकी आधिकारिक तारीख जल्द घोषित की जा सकती है।
लेट चलने की समस्या से भी मिलेगी राहत
स्पेशल ट्रेन के रूप में चलने के कारण यह ट्रेन अक्सर घंटों देरी से पहुंचती रही है। धनबाद से खुलने वाली ट्रेन भी कई बार निर्धारित समय से काफी देर से पहुंचती है। हाल ही में यह ट्रेन लगभग तीन घंटे की देरी से धनबाद पहुंची और करीब पौने दो घंटे की देरी से भुवनेश्वर पहुंची थी।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि नियमित ट्रेन के रूप में संचालन शुरू होने के बाद समयपालन में सुधार होगा और यात्रियों को बार-बार होने वाली देरी से राहत मिलेगी।