देशभर में बदला मौसम: 21 राज्यों में तीन दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जगह ओलावृष्टि की चेतावनी

0 17

देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में तेज हवाओं, धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विभाग ने 19 मार्च से 22 मार्च 2026 के बीच 21 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 6 राज्यों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। विभाग के मुताबिक 20 मार्च को मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय और प्रभावी रहने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते बिगड़ा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले 24 घंटों में कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है। पहाड़ी इलाकों में नए मजबूत सिस्टम के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी का अनुमान है। पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी तेज बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण भारत के कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी मौसम खराब रहने के संकेत हैं।

दिल्ली समेत उत्तर भारत में तेज आंधी-बारिश का खतरा

दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को भी मौसम सुहावना बना रहने की संभावना है। 20 मार्च को दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूल भरी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। अगले दो दिनों तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

उत्तर प्रदेश और बिहार में अलर्ट, कई जिलों में ओले गिरने की आशंका

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और कुछ मध्य जिलों में 20 मार्च को तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़, आगरा, मथुरा समेत कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान वज्रपात का भी खतरा बना रहेगा।

बिहार के लगभग सभी प्रमुख जिलों में तेज आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि और ठनका गिरने की चेतावनी जारी की गई है। पटना, गया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है।

राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में भी असर

राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में अगले दो दिनों तक तेज आंधी और बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।

हरियाणा और पंजाब में भी नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होगी। हरियाणा के हिसार, भिवानी, नारनौल और आसपास के क्षेत्रों में असर देखने को मिलेगा, जबकि पंजाब के चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और पटियाला समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी, कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, केदारनाथ धाम, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में मौसम सक्रिय बना रहेगा। हिमाचल प्रदेश में लाहौल-स्पीति, कुल्लू, शिमला, कांगड़ा और चंबा में 24 मार्च तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। इस दौरान आंधी, बिजली और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

जम्मू-कश्मीर के कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है, जिससे आवाजाही प्रभावित हो रही है।

दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में भी खराब रहेगा मौसम

केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मौसम खराब रहने के संकेत हैं। वहीं ओडिशा, सिक्किम, असम, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी तेज बारिश और आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.